सेंसेक्स में दो दिन की गिरावट से निवेशकों को 5.80 लाख करोड़ का नुकसान

0
257

नई दिल्ली। शेयर बाजारों में दो कारोबारी सत्रों में गिरावट के साथ निवेशकों को 5,80,016.37 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। बाजार में सोमवार को आई गिरावट से निवेशकों को 4.29 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। बीएसई पर सूचीबद्ध सभी कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 2,56,72,771.67 करोड़ रुपये पर आ गया।

कोरोना वायरस के नये स्वरूप ओमीक्रोन को लेकर चिंता के बीच भारी बिकवाली से शेयर बाजारों में गिरावट आयी। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स सोमवार को 949.32 अंक यानी 1.65 प्रतिशत की गिरावट के साथ 56,747.14 अंक पर बंद हुआ। पिछले कारोबारी सत्र (शुक्रवार) में सेंसेक्स 764.83 अंक यानी 1.31 प्रतिशत की गिरावट के साथ 57,696.46 अंक पर बंद हुआ।

वहीं एनएसई निफ्टी (NSE Nifty) 284.45 अंकों की गिरावट के साथ 16,912.25 पर आ गया। सेंसेक्स पर लिस्टेड सभी 30 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। सबसे ज्यादा 3.75 फीसदी की गिरावट इंडसइंड बैंक में देखी गई। बजाज फिनसर्व का शेयर भी 3.43 फीसदी टूट गया।

भारती एयरटेल और टीसीएस के शेयर लगभग 3 फीसदी टूटकर बंद हुए। एनटीपीसी, मारुति, डॉ. रेड्डीज, एशियन पेंट्स, इन्फोसिस, टेक महिन्द्रा के शेयर 2 फीसदी से ज्यादा गिरावट के साथ बंद हुए।

निफ्टी पर सभी सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में
सोमवार सुबह सेंसेक्स 57,778.01 पर खुला था। पूरे दिन के कारोबार में यह 57,781.46 के उच्च स्तर और 56,687.62 के निम्न स्तर तक गया। शुक्रवार को सेंसेक्स 764.83 अंक गिरकर 57,696.46 पर बंद हुआ था। एनएसई निफ्टी की बात करें तो निफ्टी पर सभी सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए हैं।

सबसे ज्यादा गिरावट आईटी शेयरों में आई है। निफ्टी पर यूपीएल गेनर रही, वहीं इंडसइंड बैंक, टाटा कंज्यूमर्स, बजाज फिनसर्व, भारती एयरटेल और टीसीएल बिगेस्ट लूजर्स रहे। शुक्रवार को निफ्टी 204.95 अंकों की गिरावट के साथ 17,196.70 पर क्लोज हुआ था।