नए कोटा में भी अग्रसेन जयंती पर निकलेगी शोभायात्रा, घोड़ों पर राजकुमार देंगे प्रस्तुति

0
15

कोटा। महाराजा श्री अग्रसेन जयंती के अवसर पर नए कोटा में इस बार भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय अग्रवाल सम्मेलन, अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन एवं सर्व अग्रवाल समाज कोटा की संयुक्त बैठक लायंस क्लब, दादाबाड़ी में आयोजित हुई। बैठक में सर्वसम्मति से नए कोटा में अग्रसेन जयंती धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया गया।

कार्यक्रम संयोजक राजेश मित्तल, जगदीश अग्रवाल एवं रमेश गोयल ने बताया कि 11 अक्टूबर रविवार को दोपहर 2 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा सेंट्रल पब्लिक स्कूल, इंदिरा विहार से प्रारंभ होकर तलवंडी, जवाहर नगर, वसंत विहार एवं दादाबाड़ी होते हुए अंबेडकर भवन, सीएडी सर्किल पर पहुंचेगी।

शोभायात्रा में 18 राजकुमार घोड़ों पर सवार होकर चलेंगे। महाराजा श्री अग्रसेन एवं माता माधवी को आकर्षक बग्गी में विराजमान किया जाएगा। बैंड-बाजों की धुन पर महिलाएं एवं पुरुष नृत्य और डांडिया रास करते हुए शोभायात्रा में शामिल होंगे। मार्ग में जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत एवं अभिनंदन किया जाएगा तथा भव्य स्वागत द्वार लगाए जाएंगे। शोभायात्रा के समापन पर अंबेडकर भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

आयोजन को लेकर बसंत विहार अग्रवाल समाज की ओर से लायंस क्लब, कोटा में बैठक आयोजित की गई। इसमें समाज के पदाधिकारियों ने नए कोटा में होने वाले अग्रसेन जयंती समारोह में पूर्ण सहयोग एवं समर्थन देने का आश्वासन दिया।

अंतरराष्ट्रीय अग्रवाल सम्मेलन पूर्वी राजस्थान के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. आर.के. राजवंशी ने बताया कि जयंत अग्रवाल को कोटा जिला कार्यकारी अध्यक्ष तथा श्रीमती किरण अग्रवाल को महिला कार्यकारी अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। साथ ही जयंत अग्रवाल को सर्वसम्मति से बसंत विहार इकाई का अध्यक्ष भी मनोनीत किया गया।

प्रदेश प्रवक्ता संजय गोयल ने बताया कि इस अवसर पर बसंत विहार अग्रवाल समाज की ओर से कोटा नगर निगम के उपमहापौर विवेक राजवंशी का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के पूर्व राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष हेमराज जिंदल ने भी नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत किया तथा अग्रसेन जयंती को भव्य रूप से मनाने पर अपने विचार व्यक्त किए।

बैठक में अंतरराष्ट्रीय अग्रवाल सम्मेलन के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष जगदीश अग्रवाल प्रॉपर्टी, जिला अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल चुनेवाले तथा अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के जिला कार्यकारी अध्यक्ष महेंद्र गर्ग सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। महेंद्र गर्ग ने बताया कि शोभायात्रा के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत द्वार लगाए जाएंगे और समाजबंधुओं द्वारा शोभायात्रा का स्वागत-अभिनंदन किया जाएगा।

माता महालक्ष्मी एवं दुर्गा माता को चढ़ाई जाएगी चुनरी

महाराजा श्री अग्रसेन जयंती के पावन अवसर पर अग्रसेन सोशल ग्रुप की ओर से रविवार को भव्य चुनरी महोत्सव आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम निदेशक संभागीय महामंत्री सपना गोयल ने बताया कि 11 अक्टूबर को सुबह 11 बजे रामधाम आश्रम में अग्रवाल समाज की कुलदेवी माता महालक्ष्मी एवं दुर्गा माता को विधिवत 151 फीट की चुनरी अर्पित की जाएगी।

पोस्टर का किया विमोचन
संभागीय अध्यक्ष राजकुमार गोयल ने बताया कि चुनरी महोत्सव के पोस्टर का विमोचन मंगलवार को अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन कोटा जिला अध्यक्ष विजय गोयल, संस्था के चेयरमैन संजय गोयल, उपेंद्र राय जैन ने किया। इस अवसर पर चेयरपर्सन पुष्पा गर्ग, सुनिता गोयल, उषा बंसल, कल्पना अग्रवाल, रानी अग्रवाल, ज्योति अग्रवाल, कमलेश गोयल एवं पदाधिकारियों ने समाजबंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर चुनरी महोत्सव को सफल बनाने का आह्वान किया।