ऊर्जा मंत्री की पहल, सांगोद क्षेत्र को मिली 17 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

0
7

15.04 करोड़ रुपए से बनेंगी 20 ग्रामीण सड़कें और अरु नदी पर 2 करोड़ से बनेगा नया पुल

​कोटा। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर की अनुशंसा से सांगोद विधानसभा क्षेत्र को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की बड़ी सौगात मिली है। राज्य सरकार के बजट वर्ष 2026-27 के तहत सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा सांगोद क्षेत्र में 15.04 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 20 ग्रामीण सड़क परियोजनाओं तथा सावन भादौ-कनवास मार्ग पर अरु नदी पर 2 करोड़ रुपये की लागत से नई पुलिया निर्माण के लिए वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर दी गई है।

ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने बताया कि सांगोद के ग्रामीण अंचलों में मजबूत बुनियादी ढांचा तैयार करना और दूर-दराज के गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इन सड़कों और पुलिया के निर्माण से ग्रामीणों, किसानों और व्यापारियों को वर्षभर निर्बाध आवागमन की सुविधा मिलेगी, जिससे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति प्राप्त होगी।

स्वीकृत सड़क परियोजनाओं में हींगी से सहीपुर तक सड़क नवीनीकरण के लिए 2 करोड़ रुपये, मंगलपुरा से बंजारा बस्ती डामरीकरण हेतु 1.50 करोड़ रुपये, कराडिया से भांडाहेड़ा मार्ग के लिए 1.30 करोड़ रुपये तथा गिरधरपुरा से गुंजारा मार्ग के लिए 1 करोड़ रुपये की राशि प्रमुख रूप से शामिल है।

इसके अलावा राजगढ़ से गुहावद (90 लाख), विनोदखुर्द से सुंडक्या (88 लाख), टोल्या से केशोली (75 लाख), लसेड़िया से डाबरी कलां (75 लाख), दांता से मदारिया (75 लाख), खजूरी से बृजलिया (75 लाख) तथा ग्राम हरिपुरा बंजारा बस्ती से जोड़ी (73 लाख) सहित विभिन्न गांवों में जीएसबी एवं ग्रेवल सड़कों का निर्माण कराया जाएगा।

वहीं, कनवास-सावन भादौ मार्ग पर अरु नदी पर 2 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पुल से क्षेत्रवासियों को मानसून के दौरान जलभराव से मुक्ति मिलेगी। बरसात के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ने से यातायात पूरी तरह ठप हो जाता था, जिसे ध्यान में रखते हुए यह स्वीकृति जारी की गई है।

सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा शीघ्र ही निविदा प्रक्रिया पूरी कर इन सभी विकास कार्यों का निर्माण कार्य धरातल पर शुरू कराया जाएगा। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने सांगोद के सर्वांगीण विकास हेतु मिली इन सौगातों के लिए ऊर्जा मंत्री का आभार जताया है।