सुमेरगंजमंडी में बनेगा रेलवे ओवर ब्रिज, वर्षों पुरानी समस्या का होगा समाधान

0
10

चंबल नदी पर पुल बनने से बढ़ेगा यातायात, लोकसभा अध्यक्ष के प्रयासों से मिली स्वीकृति

कोटा/बून्दी। Sumerganj Mandi Railway Over Bridge: सुमेरगंजमंडी क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही आवागमन की समस्या का अब स्थायी समाधान होने जा रहा है।

इन्द्रगढ़-चाणदाखुर्द-ढीपरी चंबल-रजोपा-इटावा-पीपल्दा-शहनावदा राज्य राजमार्ग संख्या-120 के किलोमीटर 5 पर रेलवे ओवर ब्रिज के निर्माण को स्वीकृति मिल गई है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रयासों और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से हुई वार्ता के बाद इस महत्वपूर्ण कार्य को मंजूरी मिली है।

जलभराव से बनी रहती थी दुर्घटना की आशंका: राज्य राजमार्ग संख्या-120 इन्द्रगढ़ से चाणदाखुर्द, ढीपरी चंबल, रजोपा, इटावा, पीपल्दा और शहनावदा होते हुए मध्यप्रदेश को जोड़ता है। सुमेरगंजमंडी के पास किलोमीटर 5 पर दिल्ली-मुंबई रेलवे लाइन है, जहां सड़क रेलवे पुलिया के नीचे से गुजरती है। बारिश और सर्दी के दौरान यहां पानी भर जाने से आवागमन बाधित होता रहा है। जलभराव के कारण इस स्थान पर कई दुर्घटनाएं और जनहानि भी हो चुकी हैं। ऐसे में आरओबी बनने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी और आवागमन सुरक्षित होगा।

चंबल पुल के बाद बढ़ेगा यातायात: यह मार्ग स्थानीय आवागमन के साथ धार्मिक और अंतरराज्यीय कनेक्टिविटी के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। इसी रास्ते से कमलेश्वर महादेव जाने वाले श्रद्धालुओं का आवागमन होता है और यह कोटा जिले के ढीपरी चंबल, इटावा, पीपल्दा, शहनावदा सहित आसपास के क्षेत्रों को मध्यप्रदेश से सीधे जोड़ता है।

ढीपरी के निकट चंबल नदी पर उच्चस्तरीय पुल का निर्माण भी प्रगति पर है। इसके पूरा होने के बाद इस मार्ग पर यातायात का दबाव और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में रेलवे पुलिया के स्थान पर आरओबी का निर्माण वर्तमान समस्या के समाधान के लिए महत्वपूर्ण है। आरओबी बनने के बाद जलभराव के कारण होने वाली परेशानी से स्थायी राहत मिलेगी। साथ ही इन्द्रगढ़ से मध्यप्रदेश तक जाने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग पर यातायात अधिक सुरक्षित और सुगम हो सकेगा।