कोटा। देश के सबसे बड़े व्यापारिक आयोजनों में शामिल भारतीय व्यापार महोत्सव-2026 के लिए कोटा कलेक्टर पीयूष समारिया को औपचारिक रूप से आमंत्रित किया गया। इस अवसर पर केट वुमन विंग कोटा की जिला अध्यक्ष नीलम विजयवर्गीय एवं जिला सचिव भाविका प्रीत रामानी ने कलेक्टर से भेंट कर उन्हें महोत्सव का आमंत्रण पत्र भेंट किया।
प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को बताया कि 12 से 15 अगस्त तक नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित होने वाला भारतीय व्यापार महोत्सव देश का सबसे बड़ा बहु-क्षेत्रीय व्यापार एवं उद्योग महोत्सव होगा। इसका आयोजन कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) तथा इंडियन ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन (ITPO) के सहयोग से किया जा रहा है। महोत्सव का उद्देश्य भारतीय व्यापार, उद्योग, स्टार्टअप, एमएसएमई, महिला उद्यमिता तथा स्वदेशी उत्पादों को राष्ट्रीय एवं वैश्विक मंच प्रदान करना है।
ज़िलाध्यक्ष नीलम ने बताया कि महोत्सव में देशभर से हजारों व्यापारी, उद्योगपति, उद्यमी, महिला उद्यमी, स्टार्टअप प्रतिनिधि तथा विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी भाग लेंगे। आयोजन में व्यापार विस्तार, निवेश, निर्यात संवर्धन, डिजिटल कॉमर्स, महिला उद्यमिता, कौशल विकास तथा आत्मनिर्भर भारत विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।
जिला सचिव भाविका ने कहा कि भारतीय व्यापार महोत्सव महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों एवं सेवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा। इससे महिला नेतृत्व को प्रोत्साहन मिलने के साथ-साथ स्थानीय व्यापार को भी नए बाजार एवं व्यावसायिक अवसर प्राप्त होंगे।
कलेक्टर ने भारतीय व्यापार महोत्सव की अवधारणा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन व्यापार, उद्योग एवं उद्यमिता को नई दिशा प्रदान करते हैं तथा देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

