Soya Meal: सोयामील का निर्यात अप्रैल में घटकर 50 हजार टन रहने का अनुमान

0
10

इंदौर। Soya Meal Export: स्वदेशी वनस्पति तेल उद्योग एवं व्यापार क्षेत्र के एक महत्वपूर्ण संगठन ने-सोयाबीन प्रोसेसर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के (सोपा) के अनुसार अप्रैल में देश से सोयामील का निर्यात घटकर 50 हजार टन पर अटक गया जो अप्रैल 2025 के शिपमेंट 2.14 लाख टन से बहुत कम है। समीक्षाधीन अवधि के दौरान सोयामील का घरेलू उत्पादन भी 7.50 लाख टन से गिरकर 6.31 लाख टन रह गया।

सोया की नई मासिक रिपोर्ट के मुताबिक चालू मार्केटिंग सीजन के आरंभिक सात महीनों में यानी अक्टूबर 2025 से अप्रैल 2026 के दौरान सोयामील का कुल घरेलू उत्पादन 51.30 लाख टन पर ही पहुंच सका जो 2024-25 सीजन की समान अवधि के उत्पादन 55.20 लाख टन से करीब 4 लाख टन कम था। सोयामील का निर्यात ऑफर मूल्य ऊंचा चल रहा है।

सोया की रिपोर्ट के मुताबिक देश भर की मंडियों में अप्रैल 2025 के दौरान 5.50 लाख टन सोयाबीन की आवक हुई थी मगर अप्रैल 2026 में यह एक लाख टन घटकर 4.50 लाख टन रह गई।

इसी तरह अक्टूबर 2025- अप्रैल 2026 में सोयाबीन की कुल आपूर्ति 67.50 लाख टन पर पहुंच सकी जो 2024-25 सीजन के इन्हीं महीनों की कुल आवक 77.50 लाख टन से 10 लाख टन कम थी। इन सात महीनों में देश से सोयामील का कुल निर्यात भी 13.30 लाख टन से घटकर 8.22 लाख टन रह गया।

रिपोर्ट के मुताबिक अप्रैल में देश के अंदर करीब 8 लाख टन सोयाबीन की क्रशिंग हुई जबकि अप्रैल- 2025 में 9.50 लाख टन की क्रशिंग हुई थी। अप्रैल के अंत में देश में करीब 43.80 लाख टन सोयाबीन का स्टॉक मौजूद था जबकि नए माल की आवक अक्टूबर 2026 से आरंभ होगी।