50 प्रतिशत रक्त सरकारी ब्लड बैंक को देने संबंधी सरकारी आदेश का विरोध

0
5

थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों की लोकसभा अध्यक्ष से रक्त आपूर्ति बाधित नहीं करने की अपील

कोटा। थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों एवं उनके परिजनों ने रविवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। शहर जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश जैन के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में निजी ब्लड बैंकों से 50 प्रतिशत रक्त सरकारी ब्लड बैंक को उपलब्ध कराने संबंधी राज्य सरकार के प्रावधान पर पुनर्विचार की मांग की गई।

थैलेसीमिया वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष सुनील जैन एवं कोटा ब्लड बैंक सोसाइटी के सचिव राजकुमार जैन ने बताया कि कोटा ब्लड बैंक सोसाइटी पिछले 29 वर्षों से थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को निशुल्क रक्त उपलब्ध करा रही है।

उनका कहना था कि यदि 50 प्रतिशत रक्त सरकारी ब्लड बैंक को देना अनिवार्य हुआ तो जरूरतमंद बच्चों के लिए नियमित रक्त उपलब्ध कराने में कठिनाई आ सकती है, जिससे उनके जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

सोसाइटी के सचिव विजय मित्तल ने थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए उच्च गुणवत्ता वाली दवाइयों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने की भी मांग रखी, ताकि उनके उपचार को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि अगले दो वर्षों में आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक समर्पित थैलेसीमिया वार्ड विकसित कराने का प्रयास किया जाएगा। प्रस्तावित वार्ड में रक्त चढ़ाने, आयरन चिलेशन दवाओं की उपलब्धता तथा आवश्यक जांचों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का लक्ष्य रहेगा। इस दौरान अमरजीत अरोड़ा, सुनीता पंजवानी, समता मित्तल, निसार अहमद, अभिषेक दयानी सहित बड़ी संख्या में थैलेसीमिया पीड़ित बच्चे एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।