कनवास में ऊर्जा मंत्री ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़ने का किया आह्वान
कोटा। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर रविवार को कनवास क्षेत्र के दौरे पर रहे। उन्होंने किशोर सागर में वन विभाग तथा राजस्थान वनिकी एवं जैव विविधता विकास परियोजना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘कृषि वानिकी एवं निशुल्क फलदार पौधा वितरण कार्यक्रम’ में मुख्य अतिथि के तौर पर भाग लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रीय किसानों, जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों ने भाग लिया।
ऊर्जा मंत्री श्री हीरालाल नागर ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों की आर्थिक समृद्धि और पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान ने पूरे देश को पर्यावरण संरक्षण के संकल्प से जोड़ा है।
कृषि वानिकी के माध्यम से किसान अपनी पारंपरिक खेती के साथ-साथ मेड़ों पर फलदार पौधे लगाकर दीर्घकालिक आय का एक स्थायी स्रोत तैयार कर सकते हैं। जिससे मिट्टी की उर्वरता भी बढ़ेगी और परिवार को पोषण भी मिलेगा। कार्यक्रम के अंत में पंजीकृत किसानों को निशुल्क फलदार पौधों का वितरण किया गया। वहीं विभिन्न स्कूलों के लिए बेंच का भी अनावरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ऊर्जा मंत्री ने योजना के लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि पात्र किसानों को न केवल निशुल्क फलदार पौधे दिए जा रहे हैं, बल्कि उनके बेहतर रखरखाव और संरक्षण के लिए वार्षिक प्रोत्साहन राशि प्रति पौधा दी जा रही है।
यह पूरी राशि बिना किसी बिचौलिये के सीधे किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की जा रही है। ऊर्जा मंत्री ने पर्यावरण संरक्षण और किसान समृद्धि का संदेश देते हुए कहा कि किसानों की आय बढ़ाएँ, हरियाली लाएँ, भविष्य संवारें।

