20 करोड़ के व्यावसायिक लक्ष्य के साथ बिज़नेस नेटवर्किंग कॉन्क्लेव कोटा में आज

0
4

कोटा। शहर में बिज़नेस नेटवर्किंग और रेफरल के माध्यम से व्यापार को नई गति देने के उद्देश्य से रोटरी मीन्स बिज़नेस फेलोशिप एवं दी एसएसआई एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को विशेष बिज़नेस कॉन्क्लेव एक निजी होटल में आयोजित किया जा रहा है।

इस कॉन्क्लेव में कोटा के 150 से अधिक प्रमुख उद्यमी और व्यवसायी एक मंच पर एकत्रित होंगे। आयोजन का उद्देश्य केवल नेटवर्किंग तक सीमित नहीं है, बल्कि रेफरल, सहयोग और नए व्यावसायिक अवसरों के माध्यम से कोटा के व्यापार को आगे बढ़ाना है।

आयोजकों के अनुसार, एक ही बैठक में लगभग 20 करोड़ रुपये के संभावित बिज़नेस एक्सचेंज का लक्ष्य रखा गया है। प्रतिभागी अपने व्यवसाय का परिचय देंगे, एक-दूसरे के साथ संरचित नेटवर्किंग करेंगे और संभावित ग्राहकों, पार्टनर्स एवं रेफरल के माध्यम से नए व्यावसायिक संबंध विकसित करेंगे।

आरएमबी कोटा के अध्यक्ष आशीष खंडेलवाल ने बताया कि रेफरल आधारित नेटवर्किंग के माध्यम से नए वेंचर्स, नई पार्टनरशिप और व्यापार के नए अवसरों को बढ़ावा दिया जा सकता है। वहीं दी एसएसआई एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक मेहता के मार्गदर्शन में आयोजित यह पहल कोटा के व्यवसायिक समुदाय को एक मजबूत नेटवर्क के रूप में जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कॉन्क्लेव के प्रोजेक्ट चेयरमैन विभोर लोढ़ा ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य है कि व्यवसायी केवल एक-दूसरे से संपर्क न बनाएं, बल्कि उन संपर्कों को वास्तविक व्यावसायिक अवसरों और सहयोग में परिवर्तित करें।

उन्होंने कहा कि “रेफरल और नेटवर्किंग की शक्ति” के माध्यम से स्थानीय व्यवसायों को मजबूत करना और बिजनेस इन कोटा, बिजनेस फॉर कोटा की भावना को आगे बढ़ाना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।