राजस्थान में नई डेस्टिनेशन के रूप में हाड़ोती पर्यटकों की पहली पसंद: श्रीवास्तव

0
4
हाड़ोती में टूर ऑपरेटर एवं डेस्टिनेशन वेडिंग प्लानरों का फेम टूर भेजने पर सहमति: माहेश्वरी

कोटा। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के एक प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली स्थित भारतीय पर्यटन मंत्रालय के नॉर्थ जोन कार्यालय में उपनिदेशक अरुण श्रीवास्तव एवं पर्यटन सूचना अधिकारी संजय सचान से मुलाकात कर हाड़ोती के पर्यटन विकास एवं प्रचार-प्रसार को लेकर विस्तार से चर्चा की।

फेडरेशन के संभागीय अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने जनवरी 2026 में आयोजित कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट में भारतीय पर्यटन मंत्रालय की सहभागिता के लिए अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए वर्ष 2027 में प्रस्तावित ट्रैवल मार्ट-2 में भी मंत्रालय की सक्रिय भागीदारी एवं सहयोग का आग्रह किया। साथ ही पर्यटन मंत्रालय एवं होटल फेडरेशन के संयुक्त प्रयासों से हाड़ोती में फेम टूर आयोजित करने का प्रस्ताव रखा।

भारतीय पर्यटन मंत्रालय के नॉर्थ जोन के उपनिदेशक अरुण श्रीवास्तव ने कहा कि कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट में मंत्रालय की भागीदारी एवं आयोजन की सफलता के बाद देशभर से जो फीडबैक मिल रहा है, उसमें हाड़ोती को पर्यटन की नई डेस्टिनेशन के रूप में काफी पसंद किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में हाड़ोती पर्यटन कीदिशा में आगे बढ़ रही है। जिसे गतिशीलता प्रदान करने की आवश्यकता है आने वाले समय में पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए हाड़ोती में पर्यटन से जुड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर भी बढ़ाना होगा। इसके लिए होटल, होमस्टे, प्रशिक्षित मैनपावर, गाइड एवं ट्रांसपोर्टेशन जैसी सुविधाओं को और मजबूत करने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि हम होटल फेडरेशन के साथ मिलकर हाडोती में तीन दिवस से फेम टूर जिसमें देश के महानगरों की टूर ऑपरेटरों और डेस्टिनेशन मैरिज प्लानर्स को भेजने का पूरा प्रयास करेंगे

श्रीवास्तव ने कहा कि मंत्रालय का प्रयास रहेगा कि पहला फेम टूर कोटा के ऐतिहासिक दशहरा मेले के दौरान 23 से 25 अक्टूबर के मध्य आयोजित किया जाए।

इस दौरान देश के प्रमुख महानगरों से टूर ऑपरेटर एवं डेस्टिनेशन वेडिंग प्लानर हाड़ोती के पर्यटन स्थलों का अवलोकन करने के साथ-साथ कोटा के विश्व प्रसिद्ध दशहरा मेले का भी अनुभव ले सकेंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि जनवरी 2027 में प्रस्तावित कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट-2 में भारतीय पर्यटन मंत्रालय सक्रिय रूप से भागीदारी निभाएगा और आयोजन को सफल बनाने में आवश्यक सहयोग प्रदान करेगा।

पर्यटन सूचना अधिकारी संजय सचान ने कहा कि भारतीय पर्यटन मंत्रालय का प्रयास रहेगा कि देश के अलग-अलग राज्यों से टूर ऑपरेटरों के समूह हाड़ोती भेजे जाएं।

प्रत्येक राज्य से लगभग 50-50 टूर ऑपरेटरों को हाड़ोती से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, जिससे देश के विभिन्न राज्यों में हाड़ोती के पर्यटन स्थलों का व्यापक प्रचार-प्रसार एवं मार्केटिंग हो सके।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के सलाहकार अनिल मूंदड़ा ने कहा कि फेम टूर में आने वाले सभी टूर ऑपरेटरों की मेजबानी के लिए फेडरेशन पूरी तरह तैयार है।

उन्होंने कहा कि दशहरा मेले के 20 दिवसीय भव्य आयोजन के दौरान आयोजित होने वाला यह फेम टूर देशभर के टूर ऑपरेटरों को हाड़ोती की विरासत, संस्कृति, खान-पान एवं प्रमुख पर्यटन स्थलों से रूबरू कराने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।

उन्होंने कहा कि कोटा का दशहरा मेला एक भव्य एवं लंबे समय तक चलने वाला आयोजन है। ऐसे में बाहर से आने वाले टूर ऑपरेटरों को हाड़ोती की पर्यटन संभावनाओं के साथ-साथ कोटा की सांस्कृतिक विरासत एवं स्थानीय आयोजनों को नजदीक से देखने का अवसर मिलेगा।

फेडरेशन के संभागीय अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने भारतीय पर्यटन मंत्रालय के अधिकारियों को कोटा आने का निमंत्रण देते हुए आग्रह किया कि पर्यटन विभाग के मार्गदर्शन में हाड़ोती पर्यटन विकास को लेकर एक विशेष मार्गदर्शन एवं कार्यशाला आयोजित की जाए।

उन्होंने कहा कि भारतीय पर्यटन मंत्रालय, राजस्थान पर्यटन विभाग एवं होटल फेडरेशन सहित पर्यटन से जुड़े सभी हितधारकों के संयुक्त प्रयासों से हाड़ोती को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर और अधिक मजबूती से स्थापित किया जा सकता है।

माहेश्वरी ने कहा कि हाड़ोती में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। अब आवश्यकता इस बात की है कि देशभर के टूर ऑपरेटरों, ट्रैवल एजेंटों एवं डेस्टिनेशन वेडिंग प्लानरों को हाड़ोती से सीधे जोड़ा जाए, ताकि आने वाले समय में पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हो और क्षेत्र में रोजगार एवं पर्यटन निवेश के नए अवसर पैदा हों।