Sunday, July 12, 2026
Home Blog Page 177

Stock Market: सेंसेक्स 1681 अंक उछला, निवेशकों को 8 लाख करोड़ का मुनाफा

नई दिल्ली। Stock Market Update, 25 March, 2026: शेयर मार्केट में लगातार दूसरे दिन भी तेजी का तूफान है। सेंसेक्स 1681 अंकों की बंपर उछाल के साथ 75650 पर पहुंच गया है। जबकि, एनएसई का निफ्टी 312 अंकों की उछाल के साथ 23425 पर पहुंच गया है। सेंसेक्स में टेक महिंद्रा को छोड़ सभी स्टॉक्स हरे निशान पर हैं। ट्रेंट 4.32 पर्सेंट ऊपर है। निवेशकों को सुबह-सुबह ही 8 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

सुबह सूचकांक सेंसेक्स 583 अंक ऊपर 74652 पर खुला। जबकि, एनएसई का निफ्टी 152 अंकों की उछाल के साथ 23064 पर खुलने में कामयाब रहा। एनएसई पर 2424 स्टॉक्स हरे और केवल 227 लाल हैं। 27 शेयरों में अपर सर्किट लगा है।

ग्लोबल मार्केट के संकेत

एशियाई बाजारों में जोरदार उछाल
एशियाई बाजारों में बुधवार को अच्छी तेजी देखने को मिली। जापान का निक्केई 225 करीब 2.5% चढ़ा, वहीं टॉपिक्स इंडेक्स में 2.4% की बढ़त दर्ज हुई। दक्षिण कोरिया का कोस्पी भी 2.5% उछला, जबकि कोस्डैक 1.6% ऊपर रहा। इससे साफ है कि ग्लोबल सेंटीमेंट फिलहाल पॉजिटिव बना हुआ है।

गिफ्ट निफ्टी दे रहा मजबूत संकेत
गिफ्ट निफ्टी करीब 23,153 के स्तर पर कारोबार कर रहा है, जो पिछले बंद के मुकाबले लगभग 225 अंकों का प्रीमियम दिखा रहा है। यह संकेत देता है कि भारतीय बाजार में आज गैप-अप ओपनिंग हो सकती है।

वॉल स्ट्रीट का हाल
अमेरिकी शेयर मार्केट मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए। डॉऊ जोन्स 84 अंक टूटा, जबकि S एंड P 500 और नैस्डैक में भी गिरावट दर्ज की गई। टेक शेयरों में कमजोरी रही, हालांकि कुछ स्टॉक्स में खरीदारी भी देखने को मिली। इससे बाजार में अनिश्चितता अभी भी बनी हुई है।

शांति वार्ता से राहत की उम्मीद
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को शांति प्रस्ताव भेजने की बात कही है और उम्मीद जताई है कि लंबे समय से चल रहा संघर्ष खत्म हो सकता है। वहीं ईरान ने संकेत दिया है कि उन जहाजों को होर्मुज से गुजरने दिया जाएगा, जो दुश्मनों से संबंध न रखते हों। इससे वैश्विक बाजारों को राहत मिली है।

35 नहीं, 25 दिन में ही मिलेगा शहरों में LPG सिलिंडर, सरकार ने स्थिति साफ की

नई दिल्ली। एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग समयसीमा में बदलाव को लेकर फैल रही खबरों को केंद्र सरकार ने पूरी तरह खारिज कर दिया है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि बुकिंग नियमों में कोई बदलाव नहीं किया गया है और मौजूदा व्यवस्था ही लागू है।

गैस कंपनियों ने एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग के नियमों में अहम बदलाव किए हैं। घरेलू गैस की कालाबाजारी रोकने और वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से अब दो सिलेंडरों की बुकिंग के बीच का ‘गैप’ बढ़ा दिया गया है।

पहले यह कहा गया था कि नए नियमों के तहत, केंद्र सरकार ने 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी (LPG) सिलेंडर की डिलीवरी और अगली रिफिल बुकिंग के बीच की अनिवार्य समय सीमा यानी गैप को 25 दिन से बढ़ाकर 35 दिन कर दिया है। डिस्ट्रीब्यूटर्स ने मंगलवार को इस नए नियम की जानकारी दी।

तय की गई समय सीमा अब इस प्रकार है

  • गैस कंपनियों ने ग्राहकों की अलग-अलग श्रेणियों के आधार पर रिफिल बुकिंग का नया समय निर्धारित किया है।
  • प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के लाभार्थी: उज्ज्वला योजना के तहत कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं को अब अपनी अगली रिफिल बुकिंग के लिए 45 दिनों का इंतजार करना होगा।
  • सामान्य उपभोक्ता (Non-PMUY): सिंगल बॉटल कनेक्शन (SBC) यानी जिन उपभोक्ताओं के पास केवल एक सिलेंडर वाला कनेक्शन है, वे अब पिछली डिलीवरी के 25 दिन बाद ही नया सिलेंडर बुक कर सकेंगे।
  • डबल बॉटल कनेक्शन (DBC): जिनके पास दो सिलेंडर वाला कनेक्शन है, उनके लिए यह अंतराल 35 दिन तय किया गया है।
  • छोटे सिलेंडरों (5 किलो और 10 किलो) के लिए नियम
    नियमित 14.2 किलो वाले सिलेंडरों के अलावा, छोटे सिलेंडरों के लिए भी बुकिंग अंतराल तय किया गया है।
  • 5 किलो वाला सिलेंडर: 9 से 16 दिनों का गैप।
  • 10 किलो वाला सिलेंडर: 18 से 32 दिनों का गैप।

उपभोक्ताओं के लिए शर्त
इस नए नियम में सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि आपके अगले सिलेंडर की बुकिंग की पात्रता की गणना ‘पिछली डिलीवरी की तारीख’ से की जाएगी, न कि पिछली बुकिंग की तारीख से।

यदि कोई उपभोक्ता तय समय सीमा पूरी होने से पहले सिलेंडर बुक करने का प्रयास करता है, तो सिस्टम द्वारा उस ‘अर्ली बुकिंग’ को ब्लॉक कर दिया जाएगा और बुकिंग स्वीकार नहीं होगी।

हेल्पलाइन नंबर जारी
इस नए नियम को लेकर यदि उपभोक्ताओं को कोई परेशानी आती है या वे अधिक जानकारी चाहते हैं, तो वे आधिकारिक टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-2333-555 पर संपर्क कर सकते हैं।

ईरान युद्ध शुरू होने के बाद से यह दूसरा ऐसा बदलाव है। इस महीने की शुरुआत में, सरकार ने शहरी इलाकों में घरेलू LPG सिलेंडर रिफिल बुकिंग के लिए इंतजार की अवधि 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दी थी। अधिकारियों ने बताया कि इन नई समय सीमाओं का मकसद खपत के तरीकों को नियंत्रित करना और LPG वितरण को सुव्यवस्थित करना है।

कमर्शियल एलपीजी का संकट और भी गहरा
घरेलू गैस के अलावा कमर्शियल (19 किलो) एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति पर दबाव कहीं अधिक है। हालांकि, केंद्र सरकार ने शनिवार को राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए कमर्शियल एलपीजी के आवंटन में 20% की अतिरिक्त वृद्धि को मंजूरी दी थी, जिससे कुल आवंटन 50% हो गया है। वितरकों का कहना है कि सरकार के इस फैसले के बावजूद, जमीनी स्तर पर इसका असर या राहत दिखने में कम से कम दो से तीन दिन और लग सकते हैं।

किसान संघ ने मंडियों में शोषण व सरकारी सुस्ती के खिलाफ दी आंदोलन की चेतावनी

कोटा। भारतीय किसान संघ की संभाग स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को काला तलाव स्थित कार्यालय पर संपन्न हुई। जिसमें हाड़ौती संभाग के किसानों की ज्वलंत समस्याओं पर गहन चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रान्त अध्यक्ष शंकरलाल नागर और प्रान्त महामंत्री अंबालाल शर्मा ने कहा कि अन्नदाता आज एक ओर प्राकृतिक आपदा की मार झेल रहा है, तो दूसरी ओर मंडियों में व्याप्त प्रशासनिक भ्रष्टाचार और सरकारी खरीद की जटिल प्रक्रियाओं के कारण उसका आर्थिक शोषण हो रहा है। संगठन ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने तुरंत सख्त कदम नहीं उठाए, तो किसान सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे।

​बैठक में कोटा की भामाशाह मंडी सहित संभाग की अन्य मंडियों में हो रही अवैध कटौतियों पर कड़ा रोष व्यक्त किया गया। संघठन मंत्री परमानन्द ने बताया कि व्यापारियों और बिचौलियों द्वारा अनाज की तुलवाई में प्रति कट्टा 200 से 300 ग्राम की अतिरिक्त कटौती की जा रही है, जो किसानों की मेहनत पर सीधा डाका है।

इसके अलावा, बूंदी और कोटा की मंडियों में हम्माली के नाम पर महिला श्रमिकों के लिए ₹2 से ₹3 की अवैध वसूली फिर से शुरू कर दी गई है, जबकि पूर्व में इसे बंद करने पर सहमति बनी थी।

मंडी प्रबंधन की विफलता के कारण लगने वाले भारी जाम से निजात पाने के लिए संघ ने मांग की है कि किसानों की फसल की बोली उनके वाहनों पर ही लगाई जाए और धर्मकांटे पर सीधी तुलवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, चंद्रेशल में प्रस्तावित फल-सब्जी मंडी का निर्माण कार्य तत्काल शुरू करने की मांग दोहराई गई।

गिरीराज चौधरी ने खरीफ 2025 में अतिवृष्टि के कारण बर्बाद हुई फसलों का मुद्दा उठाते हुए संगठन ने कहा कि महीनों बीत जाने के बाद भी ‘प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना’ और सरकारी ‘आदान अनुदान’ की राशि किसानों के खातों में नहीं पहुंची है।

मुआवजे में इस विलंब के कारण किसानों के पास अगली फसल की बुवाई और निवेश के लिए पूंजी का अभाव हो गया है। संघ ने सरकार और बीमा कंपनियों को आपसी तालमेल बिठाकर लंबित क्लेम राशि तुरंत जारी करने के निर्देश देने की मांग की है।

बैठक का संचालन संभाग मंत्री भूपेंद्र शर्मा ने किया। इस अवसर पर प्रदेश जैविक प्रमुख प्रह्लाद नागर, शिवराज पुरी, संगठन मंत्री परमानन्द, संभाग अध्यक्ष गिरीराज चौधरी, प्रान्त प्रचार प्रमुख आशीष मेहता, महिला प्रमुख रजनी धाकड़ सहित कोटा, बारां, झालावाड़ और बूंदी के जिलाध्यक्ष क्रमशः जगदीश कलमंडा, अमृत छजावा, राधेश्याम गुर्जर और संतोष दुबे प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

सरकारी खरीद में तकनीकी बाधाएं
प्रान्त प्रचार प्रमुख आशीष मेहता ने कहा कि ​गेहूं की सरकारी खरीद के लिए लागू की गई नई ‘ऑनलाइन स्लॉट’ व्यवस्था किसानों के लिए जी का जंजाल बन गई है। सर्वर की खराबी और तकनीकी अज्ञानता के कारण किसानों को जुलाई तक की तारीखें मिल रही हैं, जबकि खरीद केंद्र जून में ही बंद हो जाएंगे। उन्होने बताया कि पिछले लक्ष्य को घटाकर इस वर्ष मात्र 1 हजार क्विंटल कर दिया गया है और शनिवार का अवकाश घोषित करने से प्रक्रिया और धीमी हो गई है। संगठन की मांग है कि स्लॉट व्यवस्था को शिथिल कर पुराने पंजीकरण के आधार पर खरीद की जाए और आवंटित तिथि के बाद भी 10 दिनों की छूट दी जाए। विशेष रूप से बूंदी के उन 33 गांवों के लिए ‘ऑफलाइन’ खरीद की व्यवस्था की जाए जिनका रिकॉर्ड ऑनलाइन दर्ज नहीं है।

​राजस्व रिकॉर्ड की त्रुटियां
​कोटा जिले में ऑनलाइन गिरदावरी की तकनीकी खामियों के कारण कई किसानों की फसल पोर्टल पर “शून्य” दिखाई दे रही है, जिससे वे सरकारी लाभ से वंचित हैं। संघ ने इस पोर्टल को पुनः खोलकर रिकॉर्ड सुधारने की मांग की है। इसके साथ ही, गेहूं की प्रति हेक्टेयर खरीद सीमा को 40 क्विंटल से बढ़ाकर 50 क्विंटल करने और सरसों-चना की खरीद सीमा 40 क्विंटल करने का आग्रह किया गया है। हाड़ौती में ‘काले नुक्के’ वाले गेहूं को गुणवत्ता के नाम पर रिजेक्ट करने को तर्कहीन बताते हुए इसमें रियायत देने की मांग की गई है। साथ ही, खरीद केंद्रों पर 150 ग्राम के प्लास्टिक कट्टे के बदले 700 ग्राम की अतिरिक्त तौल को बंद कर इसे व्यावहारिक बनाने पर जोर दिया गया है।

अयाना की 14 वर्षीय बेटी खनक राठौर बनीं एक दिन की इटावा एसडीएम

कोटा/इटावा। राजस्थान के इटावा उपखंड में मंगलवार को अयाना क्षेत्र की 14 वर्षीय प्रतिभावान बालिका खनक राठौर को एक दिन के लिए उपखंड अधिकारी (SDM) की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस अवसर ने खनक के आत्मविश्वास को नई ऊंचाई दी और क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी एक मजबूत संदेश दिया कि वे भी नेतृत्व की भूमिका निभा सकती हैं।

खनक राठौर पहले से ही अपनी बहुमुखी प्रतिभा के लिए जानी जाती हैं। वे एक नेशनल खिलाड़ी हैं और इंडियाज गॉट टैलेंट के सेमीफाइनल में रनर-अप रह चुकी हैं। इसके अलावा, उन्होंने खेलो इण्डिया बीच गेम्स 2025-26 में भी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए उन्हें थर्ड आईं ब्रेन जिम प्रतिभा नारी अवार्ड 2026 से भी सम्मानित किया जा चुका है।

महिला अधिकारिता विभाग की ब्लॉक सुपरवाइजर शालिनी पारेता ने बताया कि यह पहल बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत की गई है। इसका उद्देश्य क्षेत्र की प्रतिभाशाली बालिकाओं को नेतृत्व, प्रशासन और भविष्य निर्माण के प्रति प्रेरित करना है।

अपने कार्यकाल के दौरान, ‘एक दिन की एसडीएम’ बनीं खनक राठौर ने तहसील पीपल्दा, डिप्टी ऑफिस सहित अन्य सरकारी कार्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशासनिक कार्यप्रणाली को समझा, अधिकारियों से जानकारी ली और सरकारी कार्यों की बारीकियों को करीब से जाना।

यह पहल खनक के लिए एक यादगार अनुभव रही। वहीं समाज में बेटियों के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी साबित हुई। स्थानीय लोगों ने भी इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक बताया।

संभावनाथ मोक्ष कल्याणक पर उमड़ी आस्था, श्रावक-श्राविकाओं ने धर्म लाभ अर्जित किया

कोटा। शहर के विज्ञान नगर स्थित दिगंबर जैन मंदिर में वर्तमान चौबीसी के तृतीय तीर्थंकर भगवान संभावनाथ का मोक्ष कल्याणक महोत्सव मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने भाग लेकर धर्म लाभ अर्जित किया।

मंदिर समिति के महामंत्री अनिल ठौरा ने बताया कि भगवान संभावनाथ की प्रतिमा पर प्रथम अभिषेक का सौभाग्य राजेंद्र पाटनी एवं अनीता पाटनी को प्राप्त हुआ, जबकि शांतिधारा का पुण्य लाभ विमल जैन एवं पदम, जयकुमार, दिलीप हरसोरा परिवार को मिला। वहीं मुख्य निर्माण मोदक अर्पण करने का सौभाग्य कैलाश सेठी, रितेश सेठी एवं सचिन सेठी को प्राप्त हुआ।

समारोह के दौरान राजमल पाटोदी ने जानकारी दी कि भगवान संभावनाथ ने चैत्र शुक्ल द्वितीया के दिन सम्मेद शिखर पर्वत की धवल टोंक से मोक्ष प्राप्त किया था। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अहिंसा धर्म का पालन करते हुए सुख, शांति एवं समृद्धि से जीवन यापन करने का संदेश दिया।

यूनिवर्सिटी के छात्रों को मिलेगा तनाव प्रबंधन, व्यक्तित्व विकास व जीवन कौशल प्रशिक्षण

कोटा विश्वविद्यालय सहित चार विश्वविद्यालयों ने हार्टफुलनेस ट्रस्ट से किया करार

कोटा। उच्च शिक्षा में विद्यार्थियों के समग्र विकास और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए कोटा विश्वविद्यालय सहित प्रदेश के चार विश्वविद्यालयों ने हार्टफुलनेस एजुकेशन ट्रस्ट के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए।

इस समझौते के तहत कोटा विश्वविद्यालय, राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय, वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय और कृषि विश्वविद्यालय कोटा मिलकर छात्रों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए ध्यान, योग, जीवन कौशल, तनाव प्रबंधन और व्यक्तित्व विकास से जुड़े कार्यक्रम संचालित करेंगे।

एमओयू के अंतर्गत नियमित ध्यान सत्र, वेलनेस कार्यक्रम, फैकल्टी डेवलपमेंट इनिशिएटिव्स तथा विशेष प्रशिक्षण मॉड्यूल आयोजित किए जाएंगे। साथ ही शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में भी आपसी सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा।

यह पहल शिक्षा प्रणाली में मानवीय मूल्यों और आंतरिक संतुलन को मजबूत करने की दिशा में अहम मानी जा रही है। कोटा विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. भगवती प्रसाद सारस्वत ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में विद्यार्थियों के लिए केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता पर्याप्त नहीं है, बल्कि मानसिक संतुलन, भावनात्मक स्थिरता और आंतरिक शांति भी उतनी ही आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि इस सहयोग से विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास को नई दिशा मिलेगी। हार्टफुलनेस एजुकेशन ट्रस्ट के सहयोग से विश्वविद्यालयों में ‘प्राणाहुति’ आधारित ध्यान पद्धति, तनाव प्रबंधन तकनीक और जीवन कौशल आधारित गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

‘हार्टफुल कैंपस’ कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में नैतिकता, भावनात्मक बुद्धिमत्ता और नेतृत्व गुणों के विकास पर विशेष जोर रहेगा। साथ ही विद्यार्थियों को ट्रस्ट के विभिन्न केंद्रों पर इंटर्नशिप और शोध कार्य के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि इस पहल के तहत बुनियादी प्रशिक्षण सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।

एमओयू के अवसर पर कोटा विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सारस्वत, राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. निमित चौधरी, वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. बी.एल. वर्मा तथा कृषि विश्वविद्यालय कोटा की कुलगुरु प्रो. विमला डूंकवाल सहित अन्य वरिष्ठ शिक्षाविद उपस्थित रहे।

Kota Mandi: एनसीडेक्स पर वायदा मंदा रहने से कोटा मंडी में धनिया के भाव लुढ़के

कोटा। Kota Mandi Price Today: एनसीडेक्स पर वायदा मंदा रहने से भामाशाह अनाज मंडी में मंगलवार को धनिया के भाव 100 रुपये लुढ़क गया। आवक की कमी से गेहूं 20 रुपये और चना 50 रुपये तेज रहा। लिवाली के अभाव में सोयाबीन 50 रुपये और सरसों 100 रुपये टूट गई।

ग्राहकी निकलने से लहसुन 1000 रुपये उछल गया। मंडी में सभी कृषि जिंसों की मिलाकर करीब सवा लाख कट्टे से अधिक और लहसुन की 5000 कट्टे की आवक रही। जिंसों के भाव रुपये प्रति क्विंटल इस प्रकार रहे-

गेहूं पुराने 2130 से 2350, गेहूं नया 2200 से 2525, ज्वार शंकर 1700 से 2300, ज्वार सफेद 2800 से 5000, बाजरा 1800 से 2050, मक्का लाल 1400 से 1750, मक्का सफेद 1600 से 2200, जौ नया 1900 से 2150 रुपये प्रति क्विंटल।

धान सुगन्धा 2800 से 3251, धान (1509) 3200 से 3800, धान (1847) 3200 से 3701, धान (1718-1885) 3900 से 4300, धान (पूसा-1) 3600 से 4050, धान (1401-1846) 3800 से 4100, धान दागी 1500 से 3400 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन 5000 से 5550, सरसों 6000 से 6750, अलसी 6000 से 6700, तिल्ली 7000 से 8500 रुपये प्रति क्विंटल। मूंग 6000 से 6500, उड़द 4500 से 8150, चना देशी पुराना 4700 से 5051, चना मौसमी नया 5000 से 5200, चना पेप्सी 4800 से 5251, चना डंकी 3500 से 4500, चना काबुली 5500 से 7500, नया चना देशी 5000 से 5351 रुपये प्रति क्विंटल।

नया लहसुन 1500 से 11000, मैथी 4000 से 5200, मैथी नयी 5300 से 5600, धनिया बादामी पुराना 7500 से 9800, धनिया ईगल 10200 से 10800, धनिया नया 8500 से 10500, धनिया रंगदार 11000 से 16000 रुपये प्रति क्विंटल।

मिडिल ईस्ट तनाव के बीच होर्मुज पर ट्रंप ने मोदी को किया फोन, जानिए क्या बात हुई

नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी से बात की है। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की है।

दोनों नेताओं के बीच हुई इस चर्चा में मध्य पूर्व की वर्तमान स्थिति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया, जिसमें होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला और सुरक्षित रखने के महत्व पर भी जोर दिया गया। राजदूत गोर ने इस बातचीत को दोनों देशों के बीच मजबूत दोस्ती का प्रतीक बताया।

दोनों नेताओं की यह बातचीत उस दिन हुई है जब एक दिन पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ने मध्य पूर्व में शत्रुता के पूर्ण और समग्र समाधान के संबंध में ‘बहुत अच्छी और रचनात्मक बातचीत’ होने का दावा किया था।

राजदूत गोर का एक्स पोस्ट ब्रिटिश अखबार फाइनेंशियल टाइम्स की उस खबर के कुछ घंटे बाद आया, जिसमें दावा किया गया है कि पाकिस्तान खुद को अमेरिका-इजरायल-ईरान युद्ध को सुलझाने में प्रमुख मध्यस्थ के रूप में स्थापित करने की कोशिश कर रहा है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से बात की और दोनों देशों के बीच तनाव कम करने के प्रयासों में पाकिस्तान की भूमिका को आगे बढ़ाने की पेशकश की। इस संदर्भ में इस्लामाबाद को संभावित बातचीत स्थल के रूप में भी प्रस्तावित किया गया है। हालांकि अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

दूसरी ओर ईरान के सरकारी और अर्द्ध-सरकारी मीडिया ने अमेरिका के खिलाफ कड़ी चेतावनियां जारी रखते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के “रचनात्मक बातचीत” के दावों को खारिज कर दिया है।

रिपोर्टों के अनुसार, ईरानी मीडिया ने स्पष्ट कहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच किसी प्रकार की बातचीत नहीं हुई है और दोनों देशों के बीच अधिकांश कूटनीतिक संपर्क टूटे हुए हैं। आईआरजीसी से जुड़ी फार्स समाचार एजेंसी ने भी दोनों देशों के बीच संपर्क से इनकार किया, जो ट्रंप के चल रही वार्ताओं के दावे के विपरीत है।

इस बीच, दोनों पक्षों के बीच बयानबाजी तेज हो गयी है और लगभग रोजाना एक-दूसरे को धमकियां दी जा रही हैं। ईरानी सैन्य अधिकारियों ने भी चेतावनी का स्तर बढ़ाते हुए कड़े बयान दिए हैं।

खातम अल-अंबिया मुख्यालय के मेजर जनरल अब्दोल्लाही ने सरकारी टीवी पर कहा कि हम आपको इतनी जोर से मारेंगे कि आपके दांत बाहर आ जाएंगे, और यह भी संकेत दिया कि संघर्ष बढ़ने पर ईरान “नए गुप्त हथियार” का इस्तेमाल कर सकता है।

ईरानी अधिकारियों ने दोहराया कि उसके बिजली उत्पादन ढांचे पर किसी भी हमले को सहन नहीं किया जाएगा और इसका समान स्तर पर जवाब दिया जाएगा। आईआरजीसी के एक बयान में कहा गया कि हम किसी भी हमले का तुरंत और उसी स्तर पर जवाब देंगे।

फारसी भाषा के अखबार ‘एन्तेखाब’ में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, यदि ईरान के बिजली संयंत्रों को निशाना बनाया गया तो पश्चिम एशिया में स्थित अमेरिकी ठिकानों और उनके सहयोगी देशों की सुविधाएं भी हमलों के दायरे में आ सकती हैं।

राजस्थान बोर्ड की 10वीं कक्षा का रिजल्ट घोषित, बेटियों ने फिर मारी बाजी

10वीं के साथ पांचवीं और आठवीं कक्षा के परिणाम भी घोषित

अजमेर। RBSE Class 10th Result : राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) ने 10वीं बोर्ड रिजल्ट के साथ कक्षा 8वीं के नतीजे भी जारी कर दिए हैं। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने अजमेर बोर्ड कार्यालय से राजस्थान बोर्ड परिणामों के साथ कक्षा पांचवीं और आठवीं का परिणाम भी आधिकारिक तौर पर घोषित कर दिए हैं। परिणाम बोर्ड मुख्यालय अजमेर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जारी किया गया।

लड़कियों ने किया बेहतर प्रदर्शन
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अजमेर स्थित कार्यालय से मदन दिलावर ने 10वीं का रिजल्ट 2026 घोषित किया। इस बार लड़कों का पास प्रतिशत 93.63% और लड़कियों का 94.20% रहा। यह पहली बार है जब 10वीं का रिजल्ट 12वीं के रिजल्ट से पहले जारी हुआ है और बोर्ड के इतिहास में मार्च में रिजल्ट आने का यह पहला मौका है।

डिवीजन वाइज रिजल्ट 2026 यहां देखें
1st डिवीजन – 5,55,588
2nd डिवीजन – 3,60,554
3rd डिवीनज – 7,20,000

राजस्थान बोर्ड 10वीं रिजल्ट 2026 का Overview

राजस्थान बोर्ड 10वीं परीक्षा तारीख12 फरवरी से 28 फरवरी 2026 तक
कुल रजिस्टर्ड स्टूडेंट्स10,66,561
बोर्ड परीक्षा में उपस्थित हुए स्टूडेंट्स10,49,068
पास हुए छात्र5,16,381
छात्रों का पास प्रतिशत93.63%
पास हुई छात्राएं4,72,139
छात्राओं का पास प्रतिशत94.90%

यह हैं टॉपर्स के अंक

नामशहरप्राप्तांक (प्रतिशत)
छवी शर्मा जयपुर, खोरा बिसल 99.33%
गुंजन चौधरीबाड़मेर98.67%
मोहित गंगवालजयपुर98.17%
अस्मिताकोटा ग्रामीण 97.83%
रियाश्रीगंगानगर97.67%
विमल चौधरीजयपुर, चौमूं96.83%
आरती देवांदजयपुर, चौमूं95.33%

ऐसे चेक करें अपना रिजल्ट

  1. सबसे पहले राजस्थान बोर्ड की वेबसाइट rajeduboard.rajasthan.gov.in , rajresults.nic.in पर जाएं।
  2. होमपेज पर ‘RBSE 10th Result 2026 या ‘Secondary Result 2026’ लिंक पर क्लिक करें।
  3. अब अपना Roll Number दर्ज करें।
  4. Submit’ या ‘View Result’ पर क्लिक करें।
  5. आपका माध्यमिक बोर्ड रिजल्ट स्क्रीन पर खुल जाएगा, इसे चेक करें।
  6. स्टूडेंट्स आगे के लिए ऑनलाइन मार्कशीट डाउनलोड करके उसका प्रिंटआउट ले लें।

10वीं कक्षा की ऑनलाइन मार्कशीट जारी
राजस्थान बोर्ड ने 10वीं क्लास की ऑनलाइन मार्कशीट जारी अपलोड कर दी है। बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट पर उपलब्ध मार्कशीट प्रोविनजल होती है। हालांकि यह तुरंत इस्तेमाल के योग्य होती है। अगर किसी छात्र को 11वीं क्लास में एडमिशन लेना है तो वह ऑनलाइन मार्कशीट का इस्तेमाल कर सकता है, यह एक वेलिड प्रूफ के तौर पर काम करती है। लेकिन ओरिजनल मार्कशीट रिजल्ट जारी होने के कुछ दिन बाद स्कूल से मिलती है। यह कंपार्टमेंट या स्क्रूटनी (अगर जरूरी है) के बाद दी जाती है।

कक्षा 8वीं के नतीजे भी जारी
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) ने आज 10वीं बोर्ड रिजल्ट के साथ कक्षा 8वीं के नतीजे भी जारी कर दिए हैं। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने अजमेर बोर्ड कार्यालय से राजस्थान बोर्ड परिणामों के साथ कक्षा पांचवीं और आठवीं का परिणाम भी आधिकारिक तौर पर घोषित कर दिए हैं। RBSE 8th रिजल्ट वेबसाइट Shala Darpan Result पर डाउनलोड लिंक खुल गया है। छात्र-छात्राएं rajshaladarpan.rajasthan.gov.in से अपना आंठवीं का रिजल्ट चेक कर सकते हैं।