हॉलीवुड अभिनेता रिचर्ड गेरे ने पीएम मोदी को भारतीय संस्कृति का प्रतीक बताया

71

वाशिंगटन। हॉलीवुड के मशहूर अभिनेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी भारतीय संस्कृति के प्रतीक हैं। वैश्विक भाईचारे का संदेश हम बार-बार सुनना चाहते हैं। पीएम मोदी आधिकारिक यात्रा पर मंगलवार को अमेरिका के न्यूयॉर्क पहुंचे थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में योग दिवस कार्यक्रम का नेतृत्व किया। इस दौरान हॉलीवुड अभिनेता रिचर्ड गेरे ने प्रधानमंत्री के साथ योग किया। रिचर्ड प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बगल में बैठे दिखे। योग के बाद रिचर्ड गेरे ने कहा कि पीएम मोदी भारतीय संस्कृति के प्रतीक हैं। पीएम मोदी भारतीय संस्कृति का प्रतिनिधित्व करते हैं। वैश्विक भाईचारे का उनका संदेश हम बार-बार सुनना चाहते हैं। यह बहुत ही प्यारा संदेश है।

21 जून को संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में योग दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में यूएन जनरल असेंबली के अध्यक्ष साबा कोरोसी, न्यूयॉर्क के महापौर एरिक एडम्स, भारत की स्थाई राजदूत रुचिरा कंबोज, कहानीकार जय शेट्टी, भारतीय शेफ विकास खन्ना और ग्रैमी अवार्ड विजेता रिकी केज सहित कई नामचीन शख्सियत शामिल हुई।

पीएम मोदी ने कार्यक्रम का नेतृत्व किया। यहां कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि भारत भूमि में योग का जन्म हुआ। योग भारत की काफी प्राचीन संस्कृति है। योग का किसी उम्र या किसी जेंडर से कोई लेना देना नहीं है। यह सबके लिए है। योग हर तरह के कॉपीराइट, पेटेंट और रॉयल्टी से मुक्त है।

कौन हैं रिचर्ड गेरे
रिचर्ड टिफेनी गेयर एक अमेरिकी अभिनेता हैं। 31 अगस्त, 1949 में जन्मे गेरे ने 1970 के दशक से अपने अभिनय की शुरुआत की। हालांकि, उन्हें प्रसिद्धी 1980 में आई एक फिल्म जिगोलो से मिली थी। इसके बाद से उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। गेरे जल्द ही हॉलीवुड के अग्रणी अभिनेताओं की सूची में शामिल हो गए। सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के रूप में गेरे ने गोल्डेन ग्लोब अवार्ड और सर्वश्रेष्ठ कास्ट के लिए स्क्रीन एक्टर्स गिल्ड अवार्ड सहित कई अवार्ड अपने नाम किए।