सेंसेक्स 997 अंक उछल कर 33,718 पर बंद और निफ्टी 9,859 के पार

0
1062

मुंबई। सप्ताह में आज कारोबार के आखिरी दिन एक बार फिर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ। आज सुबह सेंसेक्स 661.03 अंक ऊपर और निफ्टी 200.15 पॉइंट ऊपर खुला। आज दिनभर की ट्रेडिंग के दौरान बाजार 1000 अंक ऊपर चढ़ने में भी कामयाब रहा, लेकिन बाद में ये 997 अंक पर रुक गया। सेंसेक्स 997.46 अंक या 3.05% ऊपर 33,717.62 पर और निफ्टी 306.55 पॉइंट या 3.21% ऊपर 9,859.90 पर बंद हुए।

इससे पहले बुधवार को बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ था। सेंसेक्स 605.64 अंक ऊपर 32,720.16 पर और निफ्टी 172.45 पॉइंट ऊपर 9,553.35 पर बंद हुआ था। बता दें कि इस पूरे सप्ताह बाजार बढ़त के साथ बंद होने में कामयाब रहा। बता दें कि 1 मई को महाराष्ट्र दिवस के कारण भारतीय शेयर बाजारों में अवकाश रहेगा।

बाजार में बढ़त के प्रमुख कारण

  • गिलीड की एंटी वायरल दवा रेमडेसिविर ने कोरोना मरीजों की रिकवरी में उम्मीद की किरण जगाई है। कोरोनावायरस से जुड़ी दवा के अच्छे परिणामों ने बाजार की रौनक लौटी है। इधर, चीन से उत्पादन के अच्छे संकेतों ने भी बाजार का हौसला बुलंद किया। आज डेरिवेटिव सौदों की एक्सपाइरी से पहले बाजार में हलचल अधिक नजर आई। 
  • बुधवार को दुनियाभर के सभी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए। इस सप्ताह में पहला ऐसा मौका था। अमेरिका के सभी बाजार डाउ जोंस, नैस्डैक और एसएंडपी में तेजी रही। डाउ जोंस 2.21 फीसदी की बढ़त रही। इसके साथ चीन का शंघाई कम्पोजिट भी 1.11 फीसदी बढ़त के साथ बंद हुआ। विदेशी बाजारों की बढ़त से भी भारतीय बाजार को मजबूती मिली है।

ऑटो सेक्टर की इन कंपनियों के शेयरों में बढ़त

कंपनीबढ़त (%)
टाटा मोटर्स11.58%
मदरसन सुमी सिस्टम10.69%
अशोक लेलैंड8.76%
हीरो मोटोकॉर्प7.01%
बॉश लिमिटेड4.88%
अपोलो टायर्स4.70%
महिंद्रा एंड महिंद्रा4.41%
मारुति4.15%

दुनियाभर के बाजार बढ़त के साथ बंद
बुधवार को सभी अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए। अमेरिकी बाजार डाउ जोंस 2.21 फीसदी की बढ़त के साथ 532.31 अंक ऊपर 24,633.90 पर बंद हुआ। वहीं, अमेरिका के दूसरे बाजार नैस्डैक 3.57 फीसदी बढ़त के साथ 306.98 अंक ऊपर 8,914.71 पर बंद हुआ। दूसरी तरफ, एसएंडपी 2.66 फीसदी बढ़त के साथ 76.12 पॉइंट ऊपर 2,939.51 पर बंद हुआ। चीन का शंघाई कम्पोजिट 1.11 फीसदी बढ़त के साथ 31.27 पॉइंट ऊपर 2,853.71 पर बंद हुआ। इधर फ्रांस, इटली, जर्मनी के बाजार भी बढ़त के साथ बंद हुए।