सेंसेक्स में 317 अंक की बढ़त, निफ्टी 10750 से ऊपर बंद

0
962

नई दिल्ली। एशियाई बाजारों की हरे निशान में क्लोजिंग के बाद भारतीय बाजार भी सोमवार को अच्छी मजबूती के साथ बंद हुए। सेंसेक्स जहां 317.72 अंकों की तेजी के साथ 35774.88 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 81.20 अंकों की मजबूती के साथ 10763.40 के स्तर पर पहुंच गया।

निफ्टी में यस बैंक सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज की गई, जो 7.83 फीसदी की बढ़त के साथ 205.95 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं आईटीसी, टाटा मोटर्स, इंडसइंड बैंक और वेदांता लिमिटेड में 2 से 3 फीसदी तक की बढ़त दर्ज की गई।

सबसे ज्यादा गिरावट वाले शेयर
निफ्टी 50 में इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई, जो 3.42 फीसदी की गिरावट के साथ 740 रुपए पर बंद हुआ। वहीं गेल इंडिया, बजाज फाइनेंस, आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई में 1 से 2 फीसदी के बीच गिरावट दर्ज की गई।

जेट एयरवेज का स्टॉक 7 फीसदी टूटा
जेट एयरवेज (Jet Airways) का स्टॉक शुरुआती कारोबार में 12 फीसदी की गिरावट के साथ खुला, लेकिन बाद में गिरावट सीमित हो गई। अंत में स्टॉक 6.88 फीसदी कमजोर होकर 323 रुपए पर बंद हुआ।

गौरतलब है कि रविवार को एयरलाइन को मुंबई से अपनी 10 डॉमेस्टिक फ्लाइट रद्द करनी पड़ी थीं। माना जा रहा है कि स्टॉक पर इसी खबर का असर दिखा। वहीं टाटा ग्रुप की होल्डिंग कंपनी टाटा संस, जेट एयरवेज की कंट्रोलिंग स्टेक लेने पर विचार कर रहा है। इसके चलते भी पिछले कुछ दिनों से स्टॉक में खासा उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।