सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में दूसरे दिन भी देशव्यापी हड़ताल रही

206

बैंक की गोरधनपुरा सर्किल कोटा शाखा पर कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शन

कोटा। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में दूसरे दिन मंगलवार को भी देशव्यापी हड़ताल रही। इस दौरान शहर की समस्त शाखाओं में कामकाज ठप रहा। कर्मचारियों ने बैंक की गोरधनपुरा सर्किल कोटा शाखा पर जोरदार प्रदर्शन किया।

सेंट्रल बैंक ऑफ इण्डिया कर्मचारी यूनियन राजस्थान के महासचिव डीएस साहू ने बताया कि बैंक प्रबंधन ने द्विपक्षीय समझौते एवं अन्य बैंक स्तर पर हुए समझौते का उल्लंघन करते हुए अप्रैल माह में 3000 से भी अधिक कर्मचारियों के स्थानांतरण कर दिए। जिसके विरोध में ऑल इंडिया सेंट्रल बैंक फेडरेशन के पदाधिकारियों ने प्रबंधन वर्ग से मिल कर समस्या का हल निकालने के प्रयास किया।

उन्होंने बताया कि लेकिन, प्रबंधन के अडियल पूर्ण रवैया के मद्देनजर एआईबीए, बेफी, एनसीबीई व एनओबीडब्ल्यू ने मिलकर 19 एवं 20 सितम्बर की हड़ताल का आह्वान किया था। इससे पूर्व उप मुख्य श्रम आयुक्त मुंबई ने दोनों पक्षों के बीच वार्ता करा कर तथा आपसी सहमति भी करवाई । परंतु प्रबंधन ने प्रदेश के क्षेत्रीय कार्यालय को स्थानांतरण में संशोधन अथवा निरस्त करने के आदेश नहीं दिए। जिसके चलते सभी संगठनों ने सेंट्रल बैंक में पुनः हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया।

उन्होंने बताया कि ऑल इंडिया बैंक एम्पलॉयज एसोसिएशन के दिशा निर्देशों की पालना करते हुए राजस्थान प्रदेश बैंक एम्प्लाईज यूनियन ने इस हड़ताल को नैतिक समर्थन प्रदान किया। यूनियन ने समस्त बैंकवाइज संगठनों, जिला इकाइयों के सदस्यों को आह्वान किया था कि वे स्थानीय स्तर पर ऑल इंडिया सेंट्रल बैंक एम्प्लायज फेडरेशन, सेंट्रल बैंक कर्मचारी यूनियन राजस्थान के साथ अन्य अवार्ड स्टाफ यूनियंस द्वारा आयोजित हड़तालों से संबंधित आंदोलनात्मक कार्यक्रमों में शामिल होकर हड़ताली साथियों के प्रति एकजुटता का इज़हार करें।

साथ ही कहा था कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की दो दिन की हड़ताल के बाद भी यदि सेंट्रल बेंक ऑफ़ इण्डिया के कर्मचारियों की उचित मांगो को प्रबंधन वर्ग ने नहीं माना तो बैंकिंग क्षेत्र के कर्मचारियों के सबसे बडे संगठन एआईबीईए के नेतृत्व में सेंट्रल बैंक ऑफ इण्डिया के कर्मचारियों के समर्थन में सभी बैंकों में हड़ताल की जा सकती है।

आज के प्रदर्शन को सेंट्रल बैंक ऑफ इण्डिया कर्मचारी यूनियन राजस्थान के महासचिव डीएस साहू, बैंक कर्मी नेता अशोक ढल, पदम पाटोदी, ललित गुप्ता, हेमराज सिंह गौड़, अनिल ऐरन, देवेन्द्र सिंह,आरके साहू, संदीप अरविंद, पीसी गोयल ने संबोधित किया ।