ऊर्जा मंत्री नागर की अनुशंसा पर दो मुख्य जल निकासी कार्यों को भी मिली हरी झंडी
कोटा। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर की अनुशंसा पर राजस्थान सरकार के सार्वजनिक निर्माण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सुलतानपुर खंड में अतिरिक्त सड़क मरम्मत कार्यक्रम को प्रशासनिक स्वीकृति जारी की है।
मुख्य अभियंता (सड़क) कार्यालय, जयपुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं के लिए कुल 61.50 लाख रुपए के बजट को मंजूरी दी गई है। यह राशि पूरी तरह से राज्य निधि के पूल बजट से आवंटित की जाएगी। जिससे स्थानीय बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ किया जा सके।
मण्डल अध्यक्ष इन्द्र कुमार खंडेलवाल ने बताया कि ऊर्जा मंत्री के प्रयासों से स्वीकृत कार्योंं में सुलतानपुर डिवीजन में जल निकासी (ड्रेनेज) की समस्या से निपटने के लिए दो प्रमुख कार्यों को शामिल किया गया है।
पहले कार्य के अंतर्गत स्टेट हाईवे-70 के पास मारवाड़ा चौकी गांव में नाली का निर्माण किया जाएगा। जिसकी कुल लागत 20.50 लाख रुपए तय की गई है। वहीं, दूसरे कार्य के तहत मुंडला से पाडलिया मार्ग पर स्टेट हाईवे-70 के पास नाली निर्माण कार्य को मंजूरी मिली है। जिस पर 41 लाख रुपए की राशि खर्च की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इन दोनों विकास कार्यों के लिए आवंटित कुल 61.50 लाख रुपए की शत-प्रतिशत राशि इसी चालू वित्तीय वर्ष (2026-27) में जारी और खर्च की जाएगी।
आगामी वित्तीय वर्ष 2027-28 के लिए कोई बजट लंबित नहीं रखा गया है, ताकि मानसून और आगामी महीनों में होने वाली जलभराव की समस्या से स्थानीय निवासियों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।
ऊर्जा मंत्री नागर ने कहा कि इन कार्यों के पूर्ण होने पर इस क्षेत्र में जलभराव की समस्या से मुक्ति मिलेगी। उन्होंने इस संबंध में अतिरिक्त मुख्य अभियंता जोन-कोटा, अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी सर्किल-कोटा और अधिशासी अभियंता डिवीजन-सुलतानपुर को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर तत्काल प्रभाव से काम शुरू करने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं।

