नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज और सोशल मीडिया पर लगातार सुर्खियों में रहने वाले मार्कंडेय काटजू ने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के अभिजीत दीपके समेत चार नेताओं के पीस बॉन्ड साइन करने को लेकर उन पर निशाना साधा है और दावा किया है कि इससे उनका करियर खत्म हो गया।
मार्कंडेय काटजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”कॉकरोच जनता पार्टी के चार टॉप लीडर, अभिजीत दीपके, सौरभ दास, आशुतोष रांका और अजिंक्य शिंदे सभी ने पीस बॉन्ड पर साइन किए हैं, जिसका मतलब है कि वे किसी भी पब्लिक प्रदर्शन में शामिल नहीं हो सकते, नहीं तो पुलिस कहेगी कि उन्होंने शांति भंग करके अपने बॉन्ड तोड़े हैं और उन्हें गिरफ्तार कर लेगी। इसके बाद लंबे समय के लिए जेल में बंद कर देगी।”
सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज ने आशंका जताई कि पीस बॉन्ड पर साइन करने की वजह से चारों का पब्लिक करियर अब खत्म हो गया है। उन्होंने आगे कहा, ”मेरी राय में पीस बॉन्ड पर साइन करने से इन चार लोगों का पब्लिक करियर खत्म हो गया है, क्योंकि जनता की नजर में उनकी सारी क्रेडिबिलिटी खत्म हो गई है, जो अब उन्हें कायर मानती है जो जेल जाने से डरते हैं। असल में, उन्हें सहयोगी माना जाएगा, क्योंकि उन्हें उन लोगों की तरह माना जाएगा जिन्हें ब्रिटिश अधिकारियों ने जेल में डाला था, और जिन्हें माफी मांगने पर रिहा कर दिया गया था।”
हाल ही में रिहा हुए रांका और दास
बता दें कि दिल्ली में एक विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट (एसईएम) ने बुधवार को कॉकरोच जनता पार्टी के नेता सौरभ दास और आशुतोष रांका को रिहा करने का आदेश दिया था। दोनों ने हलफनामा दिया कि वे शांति भंग नहीं करेंगे और जब तक जंतर-मंतर अधिसूचित धरना स्थल नहीं है, तब तक वहां विरोध-प्रदर्शन का आह्वान नहीं करेंगे। दास और रांका को 50-50 हजार रुपये के निजी मुचलके और जमानतदार पेश करने का निर्देश दिया गया। दोनों ने मुचलके भर दिए, जिसके बाद विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट के रूप में कार्य कर रही सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) रितु राज ने सीजेपी नेताओं को तिहाड़ जेल से रिहा करने का आदेश दिया।

