कोटा। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने सोमवार को सांगोद विधानसभा क्षेत्र के सिमलिया और दीगोद उपखंड में कुल 266 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं की कुल लागत लगभग ₹20.66 करोड़ है।
इस दौरान ऊर्जा मंत्री ने सिमलिया को ₹12.25 करोड़ के 152 कार्यों और दीगोद को ₹8.41 करोड़ के 114 कार्यों की सौगात दी। आयोजनों में जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल, देहात भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर, सुल्तानपुर पंचायत समिति प्रधान कृष्णा शर्मा, मण्डल अध्यक्ष उछमा मीणा सहित कई जन प्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री नागर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में क्षेत्र में विकास की अनवरत धारा बह रही है। उन्होंने कहा कि राजनीति सत्ता का साधन नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान का माध्यम है। सिमलिया और दीगोद क्षेत्र को पूरे राजस्थान में विकास का एक मॉडल बनाया जाएगा, जहां गांवों में भी शहरों के समान सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
किसानों का कल्याण और जलभराव से मुक्ति प्राथमिकता
ऊर्जा मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार की पहली प्राथमिकता खेती-किसानी को आसान बनाना है। इसके लिए राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज खेतों के रास्तों का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। सिमलिया क्षेत्र में जलभराव की गंभीर समस्या पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि चौमा और भांडाहेड़ा की तर्ज पर अब रेलगांव के किसानों को भी जलभराव की समस्या से स्थायी मुक्ति दिलाई जाएगी।
रेलगांव में बाढ़ से बचाव हेतु ₹3.86 करोड़ की डायवर्जन चैनल परियोजना का शिलान्यास किया गया। ऊर्जा मंत्री ने विश्वास जताया कि इस ‘ट्रिपल इंजन’ सरकार की विकास योजनाओं से दीगोद और सिमलिया का प्रत्येक गांव प्रगति की मुख्यधारा से जुड़ेगा।
बुनियादी ढांचे और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार
क्षेत्र में सड़कों और बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया गया-
- सिमलिया क्षेत्र: भाण्डाहेड़ा से नाचनबावड़ी तक सड़क (2.77 करोड़), डामरीकरण कार्य (1.65 करोड़) और जीएसबी सड़क (1.12 करोड़)। इसके अतिरिक्त इंटरलॉकिंग सड़क, नाली निर्माण, ओपन जिम, पेयजल पाइपलाइन और खेल मैदान का विकास।
- दीगोद क्षेत्र: दीगोद का ‘अटल प्रगति पथ’ (1.83 करोड़), कोटा-सुल्तानपुर रोड (70 लाख) और सीएडी विभाग द्वारा पुलिया निर्माण। स्वास्थ्य सेवा के विस्तार हेतु सुरेला, हरिपुरा एवं छीपड़दा में 165 लाख की लागत से उप स्वास्थ्य केंद्रों का लोकार्पण।

