सामूहिक क्षमावाणी एवं सम्मान समारोह आज, निकलेगी श्रीजी की शोभायात्रा

0
929

कोटा। श्री सकल दिगम्बर जैन समाज समिति, कोटा की ओर से मुनि और आर्यिका संघों के सान्निध्य में सामूहिक क्षमावाणी पर्व रविवार को दोपहर 1 बजे से मल्टीपरपज स्कूल गुमानपुरा पर आयोजित किया जाएगा। अध्यक्ष विमल जैन नान्ता ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला होंगे। वहीं, अध्यक्षता स्वायत्त शासन मंत्री शांतिकुमार धारीवाल करेंगे।

इस दौरान मुनि विनीत सागर महाराज, चन्द्रप्रभ सागर महाराज, आर्यिका सौम्यनन्दिनी माताजी एवं कीर्तिश्री माताजी ससंघ उपस्थित रहेंगी। जो गाजे बाजे के साथ समारोह स्थल पर लाए जाएंगे। कार्याध्यक्ष जेके जैन तथा महामंत्री विनोद टोरड़ी ने बताया कि श्रीजी की भव्य शोभायात्रा श्री दिगम्बर जैन मंदिर शाॅपिंग सेंटर से दोपहर 12.30 बजे प्रारंभ होगी। इसके बाद श्रीजी का अभिषेक किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि समारोह में 50 से अधिक प्रतिभाओं और 27 उपवास करने वाले समाजबंधुओं का सम्मान किया जाएगा। समारोह के लिए 100 गुणा 200 वर्गफीट का पाण्डाल तैयार कराया है।

राष्ट्रीय जैन माइनॉरिटी के अध्यक्ष नवीन मेहता तथा महामंत्री नीता डांगी ने बताया कि अल्पसंख्यक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए समारोह स्थल पर दोपहर 1 बजे से शिविर का आयोजन किया जाएगा। उद्घाटन विधायक कल्पना देवी करेंगी। अध्यक्षता राष्ट्रीय जैन माइनॉरिटी के संगठन मंत्री प्रकाश जैन दीपपुरा करेंगे।