सही रणनीति, अनुशासन एवं निरंतर मेहनत से मिलती है सफलता: नितिन विजय

0
7

कोटा। How to prepare for competitive exams: प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं होती, बल्कि यह सही रणनीति, मजबूत संकल्प और अनुशासित दिनचर्या का खेल है। यही संदेश मोशन एजुकेशन के मेगा ओरिएंटेशन प्रोग्राम में छात्रों और अभिभावकों को दिया गया।

द्रोणा-2 कैंपस में आयोजित इस कार्यक्रम में मोशन एजुकेशन के फाउंडर और एजुकेटर नितिन विजय ने हजारों छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। कोई भी संस्थान किसी छात्र के चयन की गारंटी नहीं दे सकता।

सफलता पूरी तरह से छात्र के संकल्प, फोकस और मेहनत पर निर्भर करती है। लगातार क्लास अटेंड करना, टाइम टेबल बनाना, शॉर्ट नोट्स तैयार करना और लगातार रिवीजन करना सफलता की बुनियादी शर्तें हैं।

इसके साथ ही उन्होंने पिछले वर्षों के प्रश्नपत्र हल करने, नियमित टेस्ट देने और उनका गहन विश्लेषण करने पर जोर दिया। कम अंक आने पर निराश होने के बजाय अपनी कमजोरियों की पहचान कर सुधारने की सलाह दी।

उन्होंने छात्रों को समझाया कि मोटिवेशन कोई बाहर से मिलने वाली चीज नहीं है; जब आप रोज अपना लक्ष्य पूरा करते हैं और टेस्ट में अच्छा स्कोर करते हैं, तो वह असली ऊर्जा आपके भीतर से आती है।

नितिन विजय ने कहा कि जैसे एक डॉक्टर सही इलाज तभी कर पाता है जब मरीज अपने लक्षण साफ-साफ बताता है, ठीक वैसे ही शिक्षक भी तभी मदद कर पाएंगे जब छात्र अपनी समस्या स्पष्ट करेंगे। उन्होंने कहा कि सिर्फ यह कहना कि नंबर नहीं आ रहे काफी नहीं है।

आपको यह बताना होगा कि किस विषय के किस चैप्टर में आप कमजोर पड़ रहे हैं। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि 10 से 12 घंटे की पढ़ाई की ऊर्जा बनाए रखने के लिए खेल, संगीत या स्केचिंग जैसी हॉबीज को समय दें। यह दिमाग को रिचार्ज करने के लिए जरूरी है।

उन्होंने कहा कि यह जरूरी नहीं कि हर छात्र आईआईटीयन या डॉक्टर ही बने, लेकिन एक अच्छे संस्थान की डिग्री आपको जीवन में शुरुआती बढ़त दिलाती है। यह आपके लिए अवसरों का पहला दरवाजा खोलती है। लेकिन याद रहे, पहला मौका आपकी डिग्री तय कर सकती है, मगर अंतिम सफलता आपकी मेहनत और निरंतरता पर ही टिकी होती है।

कार्यक्रम के दौरान जेईई डिवीजन के ज्वाइंट डायरेक्टर रामरतन द्विवेदी, डिप्टी डायरेक्टर निखिल श्रीवास्तव और नीट डिवीजन के ज्वाइंट डायरेक्टर अमित वर्मा, कंटेंट हेड जयंत चित्तोड़ा ने संबोधित किया। उन्होंने मोशन की कोचिंग प्रणाली, अकादमिक स्ट्रक्चर और अध्ययन पद्धति की विस्तृत जानकारी दी।