पर्यटन मंत्रालय के सहयोग से टूर ऑपरेटर्स को हाडोती का भ्रमण करवाया जाएगा: गोयल

0
18

हाड़ोती के पर्यटन के प्रचार के लिए ट्रैवल मार्ट में भागीदारी निभाई जाएगी: माहेश्वरी

कोटा। होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के ओएसडी राजेश गोयल से भेंटकर कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट और कोटा महोत्सव के पश्चात हाड़ोती के पर्यटन के विकास की गति को लेकर विस्तार से चर्चा की। इसे और अधिक गतिशील बनाने के लिए मंथन हुआ ।

लोकसभा के ओएसडी राजेश गोयल ने प्रतिनिधिमण्डल को बताया कि भारतीय पर्यटन मंत्रालय द्वारा देश में स्थित अच्छे पर्यटन स्थलों को विकसित करने के लिए एक विशेष पैकेज दिया जाता है। जिसके तहत पूरे देश के अलग-अलग राज्यों से टूर ऑपरेटरों का एक पैकेज टूर बनाकर ऐसे पर्यटन केंद्रों पर भेजा जाता है, जिससे उन क्षेत्रों के पर्यटन का विकास और क्षेत्र की विशेष जानकारी उनको उपलब्ध करवाई जा सके।

उसके लिए होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन द्वारा भारतीय पर्यटन मंत्रालय के अधिकारियों के साथ हाड़ौती के पर्यटन स्थलों के लिए भी इस तरह का विशेष पैकेज पर्यटन विभाग के साथ मिलकर बनाया जाए। ताकि देश के सभी राज्यों में हाड़ोती के पर्यटन स्थलों का प्रचार प्रसार हो सके।

इस अवसर पर होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने कहा कि वे भारतीय पर्यटन मंत्रालय के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित करके हर माह एक विशेष राज्य के टूर पैकेज का हाड़ोती में भ्रमण करवाया जाने के बारे में वार्ता करेंगे।

उन्होंने कहा कि फेडरेशन एक ऐसी कार्य योजना तैयार कर रहा है, जिसके माध्यम से वे राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय ट्रैवल मार्ट एवं ट्रेवल बाजारों में भागीदारी निभाकर हाड़ोती के पर्यटन स्थलों का विशेष पैकेज प्रचार प्रसार एवं आइटनरी का विस्तृत विवरण टूर ऑपरेटरों के सामने रख सके। माहेश्वरी ने कहा कि कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट में भागीदारी निभाने के बाद टूर ऑपरेटरों द्वारा निरंतर हाड़ौती मे देसी विदेशी पर्यटकों के ग्रूप भेजे जा रहे हैं।

टूर ऑपरेटरों द्वारा दी गई फीडबैक के अनुसार हाड़ोती मे आने वाले सभी पर्यटकों द्वारा हाडोती के पर्यटन स्थलों को सराहा जा रहा है। हम यह भी प्रयास कर रहे हैं कि प्रस्तावित कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट 2027 के आयोजन में हम अंतरराष्ट्रीय स्तर के टूर ऑपरेटरों के साथ-साथ विदेशों की स्टालो को भी कोटा में आमंत्रित करेंगे।

इसके लिए भारतीय पर्यटन मंत्रालय और राजस्थान पर्यटन विभाग का भी सहयोग लिया जाएगा। इस अवसर पर होटल फेडरेशन राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी, मुख्य सलाहकार अनिल मूंदड़ा ने राजेश गोयल का कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट के तहत संसद भवन में रोड शो करवाने, भारतीय पर्यटन मंत्रालय की कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट में भागीदारी दिलवाने पर उनको स्मृति चिन्ह एवं दुपट्टा पहनाकर उनका हार्दिक अभिनंदन किया गया।