सरकार 75 रुपए का सिक्का जारी करेगी, जानिए खासियत

897

नई दिल्ली। सरकार जल्द ही 75 रुपए का कॉइन जारी करेगी। सरकार ने मंगलवार को पोर्टब्लेयर में नेताजी सुभाष चंद्र बोस (Netaji Subhash Chandra Bose) द्वारा पहली बार तिरंगा फहराने की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर 75 रुपए (Rs 75 commemorative coin) का स्मारक सिक्का यानी कोमेमोरेटिव कॉइन जारी करने का ऐलान किया है। वित्त मंत्रालय ने इस संबंध में एक नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया है।

ये होंगी खासियतें
नोटिफिकेशन के मुताबिक, ‘नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वारा पोर्ट ब्लेयर पर पहली बार तिरंगा झंडा फहराने की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर केंद्र सरकार की अधिकृत अथॉरिटी मिंट द्वारा 75 रुपए का यह सिक्का तैयार किया जाएगा।’

35 ग्राम के इस सिक्के में 50 फीसदी चांदी, 40 फीसदी तांबा और 5-5 फीसदी निकल व जिंक होगा।  इस सिक्के पर सेल्युलर जेल के पीछे तिरंगे को सलामी देते नेताजी सुभाष चंद्र बोस का चित्र बना होगा। पोर्ट्रेट के नीचे 75 अंक का मतलब ‘वर्षगांठ’ होगा। सिक्के पर देवनागरी और अंग्रेजी में ‘प्रथम ध्वजारोहण दिवस’ लिखा होगा।

सुभाष चंद्र बोस ने पहली बार फहराया था तिरंगा
गौरतलब है कि बोस ने सेल्युलर जेल, पोर्ट ब्लेयर में 30 दिसंबर, 1943 को पहली बार तिरंगा ध्वज फहराया था। 21 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले पर राष्ट्रीय ध्वज फहाराया था और बोस द्वारा गठित आजाद हिंद सरकार की स्थापना की 75वीं वर्षगांठ पर स्मारक पट्टिका का अनावरण भी किया था।