समाचारों और उपयोगी जानकारी का पर्याय बना ‘विचित्र पुराण’ व्हाट्सऐप ग्रुप

877

कोटा। पिछले सात सालों से यदि कोटा महानगर में किसी भी व्यक्ति को सोशल मीडिया पर वायरल हुए किसी समाचार या अन्य सामग्री की सत्यता की पुष्टि करनी हो या विश्वसनीयता की जांच.. तो लोगों के जहन में एक ही नाम आता है ‘विचित्र पुराण’। आज इस ग्रुप की सातवीं वर्षगांठ ग्रुप के सदस्यों की उपस्थिति में उत्साहपूर्वक मनाई जाएगी।

256 सदस्यों के इस व्हाट्सऐप ग्रुप में कोटा शहर की जानी मानी हस्तियां है जिसमें भाजपा कांग्रेस के नेता, डाक्टर, इंजीनियर, वकील, व्यापारी, उद्योगपति, शिक्षाविद, पुलिस अधिकारी आदि। ग्रुप में मुंबई, जयपुर, दुबई तक से लोग जुड़े हुए हैं।

ग्रुप के एडमिन सुरेन्द्र गोयल विचित्र जो कि श्री सर्राफा बोर्ड के और अग्रसेन युवा समिति के अध्यक्ष, कोटा व्यापार महासंघ के उपाध्यक्ष के साथ ही लायंस क्लब जैसे अनेकों सामाजिक संगठनों से जुड़े हुए हैं..का कहना है कि ‘यह एक तरह की समाज सेवा है जिसे मैं सोशल मीडिया के मंच से साफ सुथरे तरीके से करता हूं।

इसके लिए मुझे हरपल सजग और सक्रिय रहना होता है। जैसे ही देश, विदेश या शहर में कोई घटनाक्रम होता है तो मुझे न्यूज़ एजेंसी से इसकी जानकारी मिल जाती है और मैं तुरंत उसे अपने ग्रुप के सदस्यों को पोस्ट कर देता हूं।’

सामाजिक सरोकारों से जुड़ा ग्रुप
त्वरित समाचारों के लिए अपनी पहचान बनाने वाला यह ग्रुप अब सामाजिक सरोकार से भी जुड़ गया है। इस ग्रुप के सदस्यों के माध्यम से दो गरीब लोगों का इलाज कराया गया। एक क्षेत्र में मोरों के लिए दाना पानी की व्यवस्था की गई। अभी हाल ही कोटा में आई भीषण बाढ़ के दौरान पीड़ित परिवारों को सहायता पहुंचाई गई। ग्रुप के एडमिन सुरेन्द्र गोयल ‘विचित्र’ द्वारा हर साल 14 मार्च को ग्रुप का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया जाता है।