संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण सोमवार से होगा शुरू, जानें क्या हैं तैयारियां

0
448

नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण कोरोना की सभी गाइडलाइन्स को ध्यान में रखते हुए सोमवार यानी कल से शुरू होगा। संसद के बजट सत्र का पहला चरण 29 जनवरी को राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद के संबोधन के साथ शुरू हुआ था और 28 फरवरी को खत्म हो गया था। केंद्रीय बजट को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 1 फरवरी को संसद में पेश किया था।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने सूचना दी है कि राज्यसभा सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तक चलेगी जबकि लोकसभा शाम 4 से 10 बजे के बीच कार्य करेगी। सत्र का दूसरा भाग 8 अप्रैल को समाप्त होगा।

लोकसभा सचिवालय ने कहा कि संसद के बजट सत्र के पहले चरण के दौरान लोकसभा ने 99.5 प्रतिशत प्रोडक्टिविटी देखी गई। बिड़ला ने बताया कि बजट सत्र 2021 के पहले भाग के दौरान, लोकसभा 50 घंटे के निर्धारित समय के मुकाबले 49 घंटे और 17 मिनट बैठी। उऩ्होंने कहा, “राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा 16 घंटे 39 मिनट तक चली और 130 सदस्यों ने इस चर्चा में भाग लिया।

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा, “जबकि केंद्रीय बजट 2021-2022 पर सामान्य चर्चा के लिए 10 घंटे आवंटित किए गए थे। सदन में 14 घंटे और 40 मिनट तक बहस हुई। केंद्रीय बजट 2021-2022 पर सामान्य चर्चा में 117 सदस्यों ने भाग लिया। शून्यकाल चर्चा में 173 सदस्यों ने भाग लिया। तत्काल सार्वजनिक महत्व के कई मामलों को सदस्यों द्वारा शून्यकाल के दौरान उठाया गया।”

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा राष्ट्रपति के अभिभाषण और बजट पर मोशन ऑफ थैंक्स पर चर्चा में कुल 49 महिला सांसदों ने भाग लिया। लोकसभा अध्यक्ष ने उनके उत्साह और सदन की कार्यवाही में भागीदारी की सराहना की। संसद परिसर के अंदर सांसदों के लिए एक टीकाकरण केंद्र भी स्थापित किया गया है।