कोटा। साहित्यिक संस्था श्री भारतेंदु समिति, कोटा की ओर से भारतेंदु हरिश्चंद्र की 176वीं जयंती तथा समिति के शताब्दी वर्ष के अवसर पर साहित्यकार सम्मान समारोह का आयोजन 9 सितंबर को शाम 7 बजे झालावाड़ रोड स्थित श्री माहेश्वरी भवन में किया जायेगा।
कार्यक्रम संयोजक रामेश्वर शर्मा रम्मू भैया ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षा मंत्री मदन दिलावर करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, विधायक संदीप शर्मा और विधायक कल्पना देवी उपस्थित रहेंगी।
कार्यक्रम में अ.भा.माहे.महासभा के उपसभापति राजेश कृष्ण बिरला संरक्षक के रूप में मौजूद रहेंगे। यह कार्यक्रम अ.भा.अग्रवाल सम्मेलन के मुख्य सलाहकार नवल किशोर के सानिध्य में कार्यक्रम आयोजित होगा। अध्यक्ष हरिकृष्ण बिरला ने बताया कि समारोह में साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए साहित्यकारों को सम्मानित किया जाएगा।
महामंत्री सुनिल जायसवाल ने बताया कि भारतेंदु हरिश्चंद्र ने हिंदी साहित्य और आधुनिक हिंदी भाषा को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनकी जयंती के अवसर पर आयोजित यह समारोह साहित्यकारों के सम्मान के साथ हिंदी भाषा और साहित्य के प्रति नई पीढ़ी में रुचि जागृत करने का माध्यम बनेगा।

