शादी के दिन सास ने वर्जिनिटी जांची, जेठ ने किया दुष्कर्म, बहू का आरोप

1338

इंदौर। द्वारकापुरी थाने पर मंगलवार को एक चौंकाने वाला मामला पहुंचा। बीई पास एक बहू का आरोप है कि पौने तीन साल पहले उसकी सुहागरात पर सास ने वर्जिनिटी जांचने के लिए उससे अश्लील हरकत की। कुछ दिन बाद जेठ ने दुष्कर्म किया। दुखी होकर वह ढाई साल मायके में रही। उसने कुछ समय पहले पति के खिलाफ भरण पोषण-घरेलू हिंसा का भी केस किया था।

द्वारकापुरी टीआई संजय शुक्ला के अनुसार नवविवाहिता की शिकायत पर उसकी सास, ससुर, पति और जेठ के खिलाफ दुष्कर्म और दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज किया है। सभी को गिरफ्तार कर जेल भी भेज दिया गया है।

देवास की रहने वाली महिला ने बताया कि उसकी शादी द्वारकापुरी के एक युवक से मई 2017 में हुई थी। सुहागरात वाले दिन सास, ननद, ससुर, पति और जेठ आए। सास उसे बाथरूम में ले जाने लगी। बोली- हमें तो तुम्हारी वर्जिनिटी जांचना है। महिला ने इसका विरोध किया तो पति डांटते हुए बोला कि मेरे घर वाले पुराने विचार वाले हैं इसलिए ऐसा करना होगा।

कुछ दिन बाद महिला पर उसके जेठ ने बुरी नजरें रखना शुरू कर दी। एक दिन मौका पाकर जेठ ने उससे दुष्कर्म किया। महिला ने पति और सास को घटना बताई तो उन्होंने नजर अंदाज कर दिया। कुछ दिन बाद पति ने उसे बस में बैठाकर मायके भेज दिया। ढाई साल से महिला मायके में ही रही।

ननद पर भी लगाए आरोप
टीआई के अनुसार महिला ने इस घटना में अपनी ननद के खिलाफ भी आरोप लगाया था। इस पर सुप्रीम कोर्ट की गाइड लाइन का हवाला दिया गया कि जो महिला मायके से 200 से ज्यादा किमी दूर रहती है उसके खिलाफ केस दर्ज नहीं हो सकता। इसके चलते ननद को आरोपी नहीं बनाया। उधर, पुलिस ने बताया कि महिला ने पहले अपने पति के खिलाफ भरण पोषण का केस भी लगाया था। फिर वह दुष्कर्म के ढाई साल बाद अचानक थाने पहुंची और सभी के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। अब पुलिस मामले की जांच भी कर रही है।