व्यापार महासंघ के प्रयासों से कोटा के उद्योग, व्यापार एवं पर्यटन को मिली नई दिशा: नागर

0
12

कोटा। दशहरा मैदान में आयोजित 16वें राजस्थान प्रांतीय महाधिवेशन एवं टेंट एंड डेकोर एक्सपो-2026 में कोटा व्यापार महासंघ द्वारा हाड़ौती के व्यापार, उद्योग एवं पर्यटन के विकास और प्रचार-प्रसार के लिए लगाए गए विशेष पंडाल का समापन समारोह बुधवार को संपन्न हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर थे।

इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि कोटा व्यापार महासंघ पिछले दो वर्षों से कोटा के व्यापार, उद्योग एवं पर्यटन क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने के लिए निरंतर विभिन्न आयोजन एवं प्रयास कर रहा है। इन प्रयासों से कोटा के व्यापार, उद्योग एवं पर्यटन में बढ़ोतरी हुई है तथा हाड़ौती के उत्पादों और पर्यटन स्थलों का राष्ट्रीय स्तर पर प्रचार-प्रसार हुआ है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भारत माला एक्सप्रेस-वे तथा हवाई सेवाओं के शुरू होने से कोटा के पर्यटन एवं औद्योगिक क्षेत्र में और अधिक विकास होगा तथा नए निवेश के रास्ते खुलेंगे। पर्यटन एवं औद्योगिक विकास से क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। राज्य सरकार इस दिशा में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि महाधिवेशन में कोटा व्यापार महासंघ द्वारा लगाए गए पंडाल के माध्यम से देशभर से आए 50 हजार से अधिक लोगों को एलईडी, चित्रों, पोस्टरों एवं अन्य माध्यमों से हाड़ौती के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों और स्थानीय उत्पादों की जानकारी दी गई। जिस प्रभावी तरीके से हाड़ौती की विरासत, पर्यटन और उत्पादों को प्रदर्शित किया गया, वह सराहनीय है।

उन्होंने कहा कि देशभर में जहां भी इस प्रकार के बड़े आयोजन हों, वहां कोटा व्यापार महासंघ को इसी तरह के पंडाल लगाकर हाड़ौती के पर्यटन स्थलों एवं स्थानीय उत्पादों का प्रचार-प्रसार करना चाहिए।

नागर ने कोटा नमकीन व्यापार समिति द्वारा अधिवेशन में 50 हजार नमकीन एवं कचौरी के पैकेट वितरित किए जाने की सराहना करते हुए कहा कि इससे कोटा के स्थानीय खाद्य उत्पादों का राष्ट्रीय स्तर पर प्रचार-प्रसार होगा और स्थानीय व्यापारियों के व्यवसाय को भी लाभ मिलेगा।

कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने बताया कि कोटा व्यापार महासंघ द्वारा हाड़ौती के पर्यटन, व्यापार एवं उद्योग के विकास और प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से लगाए गए पंडाल में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को हाड़ौती के संपूर्ण पर्यटन स्थलों एवं स्थानीय उत्पादों की जानकारी उपलब्ध कराई गई।

उन्होंने बताया कि महासंघ की 50 सदस्यीय टीम ने महाधिवेशन में देश के विभिन्न राज्यों से आए व्यापारियों के स्टालों के बीच जाकर हाड़ौती के पर्यटन स्थलों एवं यहां के उत्पादों का प्रचार- प्रसार किया। पंडाल का 50 हजार से अधिक लोगों ने अवलोकन किया।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन की कोटा, बूंदी बांरा एवं झालावाड़ इकाइयों के पदाधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों के प्रमुख पर्यटन स्थलों की जानकारी आगंतुकों को उपलब्ध कराई गई।

दी एस.एस.आई. एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक मेहता एवं सचिव समीर सूद द्वारा औद्योगिक उत्पादों का प्रदर्शन किया गया तथा ब्रोशर के माध्यम से कोटा के उद्योगों एवं उनके उत्पादों की जानकारी दी गई। महाधिवेशन में श्याम लखोटिया एवं पुलकित मूंदड़ा को अपने उत्पादों के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर सम्मानित किया गया।

समापन समारोह में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के उपाध्यक्ष इन्द्रजीत सिंह, तरुण चतुर्वेदी, सलाहकार गणपत लाल शर्मा, कोटा मोटर व्हीकल डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम भाटिया, होटल फेडरेशन की बूंदी इकाई के लोकेश सुखवाल एवं कोषाध्यक्ष भगवान मंडावरा सहित कई पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पंडाल के संचालन एवं आयोजन में विशेष भागीदारी निभाई।

अंत में कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष माहेश्वरी ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी संगठनों, पदाधिकारियों, सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।