राजस्थान विधानसभा का मानसून सत्र आज से, 15 बिल रखेंगे

864

जयपुर। 14वीं विधानसभा का 11वां व अंतिम मानसून सत्र बुधवार से शुरू होगा। करीब 15 बिल सदन में पारित करने के लिए रखे जाएंगे। फिलहाल 2 दिन का विधानसभा सत्र काल तय है, इसके बाद विपक्ष की मांग पर बुधवार को बिजनेस कमेटी तय करेगी।

यह बिल रखे जाएंगे : बुधवार को पहले दिन शोकाभिव्यक्ति के बाद राजस्थान मूल्य परिवर्धित कर संशोधन विधेयक 2018, राजस्थान स्टांप संशोधन अध्यादेश 2018, जयपुर जल प्रदाय एवं सीवरेज बोर्ड अध्यादेश 2018, जगद्गुरु रामानंदाचार्य राजस्थान संस्कृत संशोधन अध्यादेश 2018 सजन की मेज पर रखे जाएंगे।

इसके अलावा राजस्थान माल एवं सेवा कर संशोधन विधेयक 2018, राजस्थान लोकायुक्त-उप लोकायुक्त संशोधन विधेयक 2018, राजस्थान विधानसभा (अधिकारियों तथा सदस्यों की परिलब्धियां एवं पेंशन) संशोधन विधेयक 2018, राजस्थान पंचायती राज संशोधन विधेयक 2018, डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन आयुर्वेद विश्वविद्यालय जोधपुर (संशोधन) विधेयक 2018, राजस्थान निजी विश्वविद्यालयों की विधियां (संशोधन) विधेयक 2018, अपेक्स विश्वविद्यालय जयपुर विधेयक 2018, श्याम विश्वविद्यालय लालसोट दौसा विधेयक 2018, श्री खुशालदास विश्वविद्यालय पीलीबंगा विधेयक 2018, लॉ‌र्ड्स विश्वविद्यालय चिकानी अलवर विधेयक 2018, राजस्थान वन संशोधन विधेयक 2018, पुनः स्थापित करने के सदन के पटल पर रखे जाएंगे।

सदन में समझदारी से मामलों को डील करें
विधानसभा सत्र तथा बीकानेर संभाग में गौरव यात्रा की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने मंगलवार को सीएमआर पर भाजपा विधायक दल की बैठक बुलाई। उन्होंने कहा कि बीकानेर संभाग की यात्रा के दौरान जिन विधायकों और मंत्रियों को जिम्मेदारी दी गई है वे जिलों में रहेंगे।

उन्होंने कहा कि विधानसभा का यह आखिरी सत्र है। इसमें समझदारी के साथ मामलों को डील करें। बैठक में गृहमंत्री गुलाबचन्द कटारिया, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री वी. सतीश, संसदीय कार्यमंत्री राजेन्द्र राठौड़, राज्यमंत्री मंडल के सदस्य एवं भाजपा विधायक उपस्थित थे।