मोदी सरकार की बड़ी कामयाबी, 2022 में जी 20 की मेजबानी करेगा भारत

    1877

    नई दिल्ली।अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत को बड़ी कूटनीतिक कामयाबी मिली है। अब भारत 2022 में विश्व के 20 ताकतवर देशों के समूह जी-20 की मेजबानी करेगा। 2022 में भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने वाले हैं। मोदी सरकार ने 2022 में न्यू इंडिया का नारा भी दिया है। ऐसे में इस महत्वपूर्ण समूह की बैठक की मेजबानी मिलने को एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।

    वर्ष 2022 में इटली को जी-20 सम्मेलन की मेजबानी करनी थी। इस समिट में बोलते हुए पीएम मोदी ने बताया कि उन्होंने इटली से गुजारिश की थी कि वह 2021 में इस सम्मेलन की मेजबानी करे ताकि 2022 का मौका भारत को मिले। पीएम मोदी ने कहा कि इटली समेत दूसरे देश भी इसपर राजी हो गए।

    मोदी ने भारत को इसकी मेजबानी मिलने के बाद इसके लिए इटली का शुक्रिया अदा किया और जी-20 समूह के नेताओं को 2022 में भारत आने का न्यौता दिया। पीएम मोदी ने कहा कि मैं आभारी हूं और 2022 में दुनियाभर की लीडरशिप को भारत आने के लिए आमंत्रित करता हूं।

    घोषणा के बाद उन्होंने ट्वीट किया, ‘वर्ष 2022 में भारत की आजादी के 75 साल पूरे हो रहे हैं। उस विशेष वर्ष में, भारत जी-20 शिखर सम्मेलन में विश्व का स्वागत करने की आशा करता है। विश्व की सबसे तेजी से उभरती सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था भारत में आइए। भारत के समृद्ध इतिहास और विविधता को जानिए और भारत के गर्मजोशी भरे आतिथ्य का अनुभव लीजिए।’

    जी-20 विश्व की 20 प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं का एक समूह है। यह सम्मेलन इस बार अर्जेंटीना के ब्यूनो आयर्स में आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद वापस दिल्ली लौट आए हैं।