मुनाफावसूली से सेंसेक्स 434 अंक लुढ़क कर 50,889 पर बंद

484

मुंबई। शेयर बाजार में शुक्रवार को लगातार चौथे दिन गिरावट दर्ज की गई। निवेशकों की मुनाफावसूली से BSE सेंसेक्स 434.93 अंकों की गिरावट के साथ 50,889.76 पर बंद हुआ है, जबकि चार दिन में यह 1,264 अंक फिसला। सेंसेक्स 15 फरवरी यानी सोमवार को 609 अंकों की बढ़त के साथ 52,154.13 पर बंद हुआ था।

LKP सिक्योरिटीज के रिसर्च हेड एस रंगनाथन ने कहा कि बाजार पर महाराष्ट्र में बढ़ते कोरोना मामलों का असर रहा। इसके चलते PSU इंडेक्स आज 5% फिसल गया, जो पिछले दो दिन में 12% चढ़ा था।

निवेशकों को सरकारी बैंकों के शेयरों ने किया खुश
बाजार में चार दिनों की मुनाफावसूली के बीच सरकारी बैंकिंग शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी हुई। PSU बैंक इंडेक्स सबसे ज्यादा 10.7% चढ़ा है। दूसरी ओर फार्मा और ऑटो सेक्टर ने निवेशकों को निराश किया। क्योंकि दोनों इंडेक्स इस सप्ताह 3-3% से ज्यादा टूटे। सुबह सेंसेक्स 86.67 अंक नीचे 51,238.02 पर और निफ्टी भी 44.15 अंकों की गिरावट के साथ 15,074.80 पर खुला था।

HDFC सिक्योरिटीज में रिटेल रिसर्च हेड दीपक जसानी ने कहा कि लगातार बढ़त के बीच बाजार में निवेशकों ने मुनाफावसूली की। अगले हफ्ते की शुरुआत में खरीदारी लौटती है तो निफ्टी 15,030-15,060 के ऊपर रह सकता है और यह 15,240 तक पहुंच सकता है, जबकि बिकवाली के हाल में इंडेक्स कम अवधि में 14,753-14,900 तक पहुंच सकता है।

शुक्रवार को बाजार में गिरावट की बड़ी वजह –

  • कमजोर ग्लोबल संकेत: अमेरिकी बॉन्ड यील्ड और ब्याज दरों में बढ़ोतरी के चलते एशियाई बाजारों में सुस्ती का असर रहा।
  • कोरोना महामारी: BMC ने मुंबई में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए नई गाइडलाइन जारी किया है।
  • बैंक और फाइनेंशियल शेयरों में गिरावट: बजाज फाइनेंस, ICICI बैंक, HDFC के दोनों के शेयरों में गिरावट रही।

खास बात यह है कि जिन चार सरकारी बैंकों के निजीकरण की खबरें थीं, उनके शेयर 10-10%तक फिसले, जबकि 3 दिन तक यह लगातार 20-20% बढ़े थे। इसके अलावा SBI, PNB, कैनरा बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा के शेयर भी 5-5% नीचे बंद हुए हैं। इसके चलते निफ्टी PSU बैंक इंडेक्स सबसे ज्यादा 4.76% फिसलकर 2,464.90 अंकों पर बंद हुआ है। NSE निफ्टी इंडेक्स 137.20 अंक नीचे 14,981.75 पर बंद हुआ है।

एक्सचेंज पर 61% शेयरों में गिरावट
एक्सचेंज पर 3,131 शेयरों में कारोबार हुआ है। इसमें 1,182 शेयर बढ़त और 1,779 गिरावट के साथ बंद हुए हैं। लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप भी घटकर 203.98 लाख करोड़ रुपए हो गया है। यह 18 फरवरी को 205.93 लाख करोड़ रुपए था। सेंसेक्स 379.14 अंकों की गिरावट के साथ 51,324.69 पर और निफ्टी 89.95 अंक नीचे 15,118.95 पर बंद हुआ था। NSE के प्रोविजनल डेटा के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 903.07 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 1,217.34 करोड़ रुपए के शेयर बेचे थे