कोटा। झालावाड़ रोड स्थित माहेश्वरी भवन में श्री माहेश्वरी पंचायत एवं श्री माहेश्वरी सेवा संस्थान की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा (पश्चिमांचल ) के उपसभापति राजेश कृष्ण बिरला ने की। बैठक में समाज के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के साथ विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
समाज अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला ने सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि संस्था की जिम्मेदारी समाज की सेवा और ख्याति बढ़ाने के लिए मिलती है, यह धन कमाने का केंद्र नहीं है। ईमानदारी, परिश्रम और निष्ठा से कार्य करने पर संस्था और समाज दोनों नई ऊंचाइयों तक पहुंचते हैं।
उन्होंने एकता को संगठन की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि सभी इकाइयां मिलकर कार्य करें तो समाज और मजबूत होगा। माहेश्वरी समाज की इकाइयों में निर्विरोध चुनाव की परंपरा भी एकता का उदाहरण है।
सेवा संस्थान के अध्यक्ष प्रमोद भंडारी ने बताया कि 30 अगस्त को सिंजारा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। महिला मंडल की अध्यक्ष सरिता मोहता एवं सचिव श्वेता माहेश्वरी ने बताया कि महोत्सव में घेवर सजाओ प्रतियोगिता, ‘श्रृंगार थीम’ पर घर से श्रृंगार कर आने की प्रतियोगिता, नृत्य सहित विभिन्न मनोरंजक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
माहेश्वरी पंचायत के अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जाखेटिया ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया और मंत्री राम चरण धूत ने बताया कि पंचायत द्वारा 27 अगस्त को ब्राह्मण भोज का आयोजन किया जाएगा। वहीं जन्माष्टमी के अवसर पर टिपटा गढ़ पैलेस स्थित श्री गोविंद देव जी मंदिर तथा सती चबूतरा, पाटनपोल स्थित श्री चारभुजा जी मंदिर में प्रसाद वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
बैठक में पंचायत के कोषाध्यक्ष बृजगोपाल भराड़िया ने आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया, जिसे ध्वनिमत से पारित किया गया। समाज के मंत्री विट्ठल दास मूंदड़ा ने पूर्वी राजस्थान माहेश्वरी महासभा के अध्यक्ष महेश अजमेरा को समाज की ओर से जन्मदिवस की शुभकामनाओं का बधाई पत्र भेंट किया।
बैठक में समाज के उपाध्यक्ष नंद किशोर काल्या, सहमंत्री घनश्याम मूंदडा, कोषाध्यक्ष राजेंद्र शारदा, पूर्वी राज. प्रादे. सभा के प्रदेश मंत्री आनंद राठी, सेवा संस्थान के सचिव दामोदर मूंदड़ा, जिला अध्यक्ष सुरेश चंद्र काबरा, जिला मंत्री ओम गट्टानी, युवा संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अविनाश अजमेरा, कुनाड़ी सेवा समिति के अध्यक्ष मनीष मूंदडा सहित कई समाज बंधु उपस्थित थे।

