सर्राफा व्यवसायियों का सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों में योगदान सराहनीय: राजेश बिरला

0
3

रामपुरा बाजार की पार्किंग समस्या का स्थायी समाधान कराने के प्रयास होंगे: माहेश्वरी

कोटा। श्री माहेश्वरी समाज, श्री माहेश्वरी पंचायत कोटा, माहेश्वरी सेवा संस्थान नया कोटा एवं प्रादेशिक माहेश्वरी सभा पूर्वी राजस्थान की ओर से बुधवार को माहेश्वरी भवन में श्री सर्राफा बोर्ड की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया।

श्री माहेश्वरी सेवा संस्थान नया कोटा के अध्यक्ष प्रमोद कुमार भंडारी, मंत्री दामोदर मूंदड़ा, कोटा जिला माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष सुरेश काबरा, मंत्री ओम गट्टानी, श्री माहेश्वरी पंचायत के अध्यक्ष केजी जाखोटिया, मंत्री रामचरण धुत, प्रादेशिक माहेश्वरी सभा पूर्वी राजस्थान के अध्यक्ष महेश चंद्र अजमेरा, मंत्री आनंद राठी की और से नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुशील लोहिया, सचिव विवेक कुमार जैन सहित पूरी कार्यकारिणी का अभिनंदन किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि श्री माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष राजस्थान रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष राजेश बिरला थे। अध्यक्षता कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव एवं होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने की। विशिष्ट अतिथि श्री माहेश्वरी समाज के मंत्री विट्ठल दास मूंदड़ा थे।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि राजेश बिरला ने कहा कि सर्राफा व्यवसायी सदैव सामाजिक, जनहित, परोपकार एवं धार्मिक आयोजनों में अपना महत्वपूर्ण योगदान देते आए हैं। कोरोना काल, बाढ़ सहित विभिन्न आपदाओं के समय भी सर्राफा व्यवसायियों ने समाज एवं जरूरतमंदों की सहायता के लिए बढ़-चढ़कर सहयोग किया है। उन्होंने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को बधाई देते हुए कहा कि नई टीम समाज एवं व्यवसाय के हित में प्रभावी ढंग से कार्य करेगी।

समारोह की अध्यक्षता करते हुए अशोक माहेश्वरी ने कहा कि वर्तमान समय में कोटा के व्यापार जगत के सामने अनेक चुनौतियां हैं। कोचिंग क्षेत्र में आए ठहराव का असर शहर के सभी व्यापारिक क्षेत्रों पर पड़ा है।

कोटा व्यापार महासंघ शहर की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने तथा पर्यटन एवं औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि रोजगार एवं व्यापार को गति देने के लिए नए आर्थिक एवं पर्यटन सेक्टर विकसित करना अति आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि कोटा के पुराने शहर के बाजार ऐतिहासिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। इन बाजारों को अतिक्रमण मुक्त, सुव्यवस्थित पार्किंग, स्वच्छता एवं हरियाली से जोड़कर विकसित किया जाना चाहिए, ताकि शहर की ऐतिहासिक विरासत के साथ-साथ व्यापार को भी बढ़ावा मिल सके।

रामपुरा बाजार की पार्किंग समस्या को लेकर अशोक माहेश्वरी ने कहा कि इसके लिए यातायात विभाग एवं नगर निगम के साथ समन्वय स्थापित कर इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा मिलने से व्यापारियों के साथ-साथ ग्राहकों को भी काफी राहत मिलेगी।

इस अवसर पर कोटा सर्राफा संघ रामपुरा के अध्यक्ष भगवान लड्डा एवं सचिव लेखराज गौतम ने बताया कि रामपुरा बाजार में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के कारण व्यापार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कोटा व्यापार महासंघ से इस समस्या के समाधान के लिए सहयोग का आग्रह किया।

श्री सर्राफा बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष आनंद राठी ने कहा कि नई टीम में अनुभवी पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई कार्यकारिणी सर्राफा व्यवसाय के हितों के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाएगी।

श्री सर्राफा बोर्ड के नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुशील लोहिया एवं सचिव विवेक कुमार जैन ने कहा कि नई कार्यकारिणी सर्राफा व्यवसायियों के हितों की रक्षा के साथ-साथ सामाजिक, धार्मिक एवं जनहित के कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाएगी।

इस अवसर पर श्री सर्राफा थोक व्यवसायिक संघ के अध्यक्ष जय कुमार जैन, सचिव योगेंद्र सोनी, श्री स्वर्ण रजत कला उत्थान समिति के अध्यक्ष कपिल सोनी, न्यू सर्राफा व्यापार संघ नया कोटा के अध्यक्ष जितेंद्र सोनी, श्री चौथ माता स्वर्ण- रजत व्यापार समिति के अध्यक्ष आत्मदीप आर्य सहित बड़ी संख्या में सर्राफा व्यवसायी मौजूद थे।