मार्दव धर्म का पूजन कर लिया कषाय के दमन का संकल्प

1132

कोटा। पर्यूषण पर्व के दूसरे दिन जैन मंदिरों में विधानों के बीच विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में जैन श्रद्धालुओं ने उत्तम मार्दव धर्म की पूजा की। वहीं पार्श्वनाथ भगवान का जन्म कल्याणक भी मनाया गया। दिगंबर जैन मंदिर में श्रावकों ने प्रभु की भक्तिभाव से संगीतमय पूजन की। वहीं मंदिर में प्रभु की पूजा-अर्चना के लिए कतारें लगी रहीं।

शहर के महावीर नगर विस्तार स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर में आर्यिका सौम्यनन्दिनी माताजी ससंघ के पावन सानिध्य में श्री दशलक्षण महामंडल विधान का आयोजन किया गया। प्रातः देवाधिदेव पार्श्वनाथ भगवान की जिन प्रतिमा का श्रद्धालुओं ने जल से अभिषेक किया। इसके बाद शांतिधारा की गई। आर्यिका सुयोग्यनन्दिनी माताजी के निर्देशन में जैन श्रद्धालुओं ने संगीतमय नित्य नियम पूजन की। जिसके अंतर्गत देव शास्त्र गुरु पूजन,पार्श्वनाथ भगवान पूजन, पंचमेरु पूजन तथा सोलहकारण पूजन की गई।

सौधर्म इंद्र द्वारा मंडल पर अर्घ्य समर्पित किए गए। विधान के मध्य आर्यिका सुयोग्यनन्दिनी माताजी ने मधुर भजन भी प्रस्तुत किए। प्रवचन करते हुए आर्यिका सुयोग्यनन्दिनी माताजी ने कहा कि आज उत्तम मार्दव धर्म पूजन का दिन है। दशलक्षण महापर्व का द्वितीय दिवस उत्तम मार्दव धर्म है। मार्दव का अर्थ मृदुता और उत्तम का अर्थ श्रेष्ठ है। आज व्यक्ति के अंदर अहंकार की भावना भर चुकी है।

वह हमेशा प्रयास करता है कि दूसरे को कैसे नीचा दिखाया जाए और अपने को श्रेष्ठ साबित करे। दया पालना ही जिन शासन का सार है। इस दौरान जैन मंदिरों में श्रावक-श्राविकाओं ने उत्तम मार्दव धर्म अंगीकार किया। विनय भाव को धारण करने और मान कषाय के दमन का संकल्प लिया गया। शाम को आरती बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत एलबीएस स्कूल में म्युजिकल अन्त्याक्षरी कायोजन किया गया।

डाॅ. सीमा बहाएंगी आज भजनों की सरिता
जैन सोशल ग्रुप कोटा की ओर से गुरूवार को शाम 7.30 बजे अकलंक स्कूल में जैन भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। जेएसजी अध्यक्ष पंकज सेठी ने बताया कि भजन संध्या में जयपुर की प्रख्यात गायिका डाॅ. सीमा दफ्तरी भजनों की सरिता बहाएंगी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मदनलाल पाटौदी होंगे। दीप प्रज्जवलन धर्मचन्द पाटनी करेंगे। मृदुला जैन, नरेन्द्र निशा जैन, पारस जैन, सुरेन्द्र पारस जैन को कार्यक्रम संयोजक बनाया गया है।