कोटा में 16 किलो मेहंदी पावडर से बनाए ईको फ्रेंडली गणेश

0
847

कोटा। श्री कर्मयोगी सेवा संस्थान कोटा उत्तर अध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा के नेतृत्व में 6 संस्थाओं के संयुक्त सहयोग से बालाजी मार्ग डडवाड़ा भीमगंजमंडी कार्यालय पर 16 किलो मेहंदी पाउडर से 5 फीट के मेहंदी गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई है।

संस्थान द्वारा क्षेत्रीय संस्थाओं को इको फ्रेंडली गणपति स्थापित करने के लिए प्रेरित किया गया था। जिसके परिणामस्वरूप सेंगर राजपूत महासभा अध्यक्ष हेमंत सिंह, राजस्थान ब्राह्मण महासभा प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष भुवनेश शर्मा चच्चू, खंगार राजपूत महासभा अध्यक्ष भुवनेश खंगार, रावणा राजपूत महासभा महिला अध्यक्ष नीतू सिंह चैहान, लक्ष्मी नारायण सेवा संस्थान अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण गर्ग, मैथिल ब्राह्मण महासभा अध्यक्ष नरेंद्र शर्मा के संयुक्त संयोजन में इको फ्रेंडली गणपति स्थापना एक ही स्थान पर करने का निर्णय लिया गया।

श्री कर्मयोगी सेवा संस्थान के संस्थापक राजाराम जैन कर्मयोगी ने बताया कि जलीय जीवों को रासायनिक प्रतिमाओं के विसर्जन के कारण होने वाली क्षति को कम करने के लिए मेहंदी पाउडर से निर्मित गणेश प्रतिमा का निर्माण किया है। एंटीऑक्सीडेंट्स गुणों से भरपूर मेहंदी संक्रमण के खिलाफ त्वचा की सुरक्षा करना और सूजन को कम करने में सबसे लाभकारी उपयोग है।

सदियों से मेहंदी का उपयोग जलन घाव और खरोच को ठीक करने के लिए किया जाता है। मेहंदी में एलोवेरा जेल की तरह क्षमता होती है। इसलिए, मेहंदी से निर्मित गणेश प्रतिमा के विसर्जन से जल में मेहंदी के घुलने से जलीय जीवों की त्वचा पर मेहंदी युक्त पानी लाभकारी सिद्ध होगा।