महिला उद्यमिता का राष्ट्रीय महाकुंभ कोटा में 3 से, स्पीकर बिरला ने किया पोस्टर विमोचन

0
8

कोटा। महिला उद्यमिता को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जीतो लेडीज विंग, कोटा द्वारा आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय प्रदर्शनी ‘उड़ान’ हर सपने को मिले अपना आसमान के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने किया।

इस अवसर पर उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि महिला उद्यमिता को प्रोत्साहन देना देश के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।

जीतो लेडीज विंग, कोटा की चेयरपर्सन मंजु लुंकड़ ने बताया कि प्रदर्शनी का आयोजन 3 एवं 4 जुलाई को माहेश्वरी भवन, झालावाड़ रोड, कोटा में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि देश के छह राज्यों से 150 से अधिक महिला उद्यमी इस आयोजन में भाग लेंगी और अपने नवाचारपूर्ण उत्पादों एवं सेवाओं का प्रदर्शन करेंगी। प्रदर्शनी का उद्देश्य महिलाओं को राष्ट्रीय स्तर पर व्यवसायिक पहचान दिलाना तथा उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रभावी मंच प्रदान करना है।

मंजु लुंकड़ ने कहा कि ‘उड़ान’ केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि हर उस महिला के सपनों को साकार करने का माध्यम है, जो अपने हुनर को नई पहचान देना चाहती है।”

जीतो लेडीज विंग की चीफ सेक्रेटरी रेखा जैन एवं उड़ान कन्वीनर उषा बाफना ने बताया कि प्रदर्शनी में हैंडलूम, हैंडीक्राफ्ट, ज्वेलरी, होम डेकोर, ऑर्गेनिक उत्पाद, फूड और फैशन से जुड़े आकर्षक स्टॉल लगाए जाएंगे।

कन्वीनर रितु जैन अजमेरा ने बताया कि आयोजन से प्राप्त आय का उपयोग जरूरतमंद एवं नवोदित महिला उद्यमियों को सहयोग प्रदान करने में किया जाएगा, जिससे वे अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा सकें।

पोस्टर विमोचन समारोह में जीतो कोटा चैप्टर के चेयरमैन पंकज सेठी, अविनाश राठी, सुमन मुनोत, राजेश बागरेचा, अनिता जैन सहित कार्यकारिणी की सदस्याएं उपस्थित रहीं।