सम्यक दर्शन से ही जीवन का कल्याण संभव: निष्पक्षसागर महाराज
कोटा। जैन समाज के लिए रविवार का दिन ऐतिहासिक और आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण रहा। आचार्य परंपरा के संतों एवं आर्यिका संघों के भव्य मंगल मिलन का साक्षी बना कोटा, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने इस दुर्लभ आध्यात्मिक आयोजन में सहभागिता कर संतों के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त किए।
तलवंडी जैन मंदिर के महामंत्री प्रकाश सामरिया ने बताया कि श्री महावीर दिगम्बर जैन मंदिर, तलवंडी के बाहर मुनिश्री निष्पक्षसागर महाराज एवं मुनिश्री निरपेक्षसागर महाराज ससंघ का मंगल मिलन तलवंडी में विराजमान निरोगसागर महाराज, निर्मोहसागर महाराज, निरामयसागर महाराज, निर्भीकसागर महाराज तथा विज्ञाननगर में विराजमान गणिनी श्रमणी आर्यिका स्वस्तिभूषण माताजी ससंघ के साथ हुआ।
मिलन के दौरान संतों ने एक-दूसरे को ‘णमोस्तु’ एवं ‘प्रतिणमोस्तु’ कहकर पारंपरिक अभिवादन किया।
अपने प्रवचन में निष्पक्षसागर महाराज ने कहा कि सम्यक दर्शन, सम्यक ज्ञान और सम्यक चरित्र ही मोक्ष मार्ग के आधार हैं। उन्होंने कहा कि धर्म की रक्षा केवल शब्दों से नहीं, बल्कि आचरण और सेवा से होती है। जो व्यक्ति धर्म और समाज की रक्षा के लिए समर्पित भाव से कार्य करता है, वह वास्तव में धर्मरक्षक कहलाने का अधिकारी है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से कहा कि यदि मनुष्य को साधु-संतों का सान्निध्य प्राप्त हो और वह उनके बताए मार्ग पर चले तो उसका जीवन निश्चित रूप से कल्याणकारी बनता है। संतों का सान्निध्य आत्मशुद्धि, संयम और आध्यात्मिक उन्नति का श्रेष्ठ माध्यम है।
दो वर्षों बाद हुआ संतों का मिलन
अशोक पहाडिया ने बताया कि सकल दिगम्बर जैन समाज समिति के अध्यक्ष प्रकाश जैन बज़ ने बताया कि सभी छह मुनिराजों ने वर्ष 2013 में रामटेक (महाराष्ट्र) में एक साथ मुनि दीक्षा ग्रहण की थी। आचार्य समयसागर महाराज के आज्ञानुवर्ती इन संतों का यह मिलन लगभग दो वर्ष बाद हुआ है।
इससे पूर्व उनका मिलन कुंडलपुर पट्टाचार्य महोत्सव के दौरान हुआ था। आगामी चातुर्मास के लिए विभिन्न स्थानों की ओर विहार के क्रम में यह ऐतिहासिक मिलन कोटा में संभव हुआ।
श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
रविवार प्रातः 7:30 बजे युगल मुनिराजों का विहार जगपुरा स्थित वर्धमान फार्म हाउस से प्रारंभ होकर तलवंडी पहुंचा। समाज द्वारा मंदिर के समीप विशेष मंच की व्यवस्था की गई, जहां सैकड़ों श्रद्धालु इस आध्यात्मिक मिलन के साक्षी बने। कार्याध्यक्ष मनोज जैन आदिनाथ ने बताया कि समाजसेवा एवं धर्म के प्रति समर्पित कार्यों के लिए भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश जैन मड़िया को “धर्मरक्षक” की उपाधि से अलंकृत किया गया।
कार्यक्रम में सकल दिगम्बर जैन समाज समिति के राजमल पाटौदी, विमल जैन,विनोद टोरडी,अध्यक्ष प्रकाश जैन बज़, कार्याध्यक्ष पारस सोगानी, मनोज जैन आदिनाथ, जे.के. जैन, मनोज जैसवाल, तलवंडी जैन समाज के अध्यक्ष अशोक पहाड़िया, महामंत्री प्रकाश सामरिया, उपेन्द्र जैन सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
तलवंडी जैन समाज के अध्यक्ष अशोक पहाड़िया ने बताया कि आगामी चातुर्मास के विहार क्रम के तहत रविवार शाम चार बजे चार मुनिराजों का विहार कैथून की ओर संपन्न हुआ।

