भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर निराश होने की जरूरत नहीं : अमित शाह

694

नई दिल्ली। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि अर्थव्यवस्था को लेकर देशवासियों को निराश होने की जरूरत नहीं है। शाह ने गुजरात टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (जीटीयू) के दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यह अर्थव्यवस्था की वर्तमान स्थिति का एकअस्थायी चरण है, जो जल्द खत्म हो जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भारत 2024 तक पांच हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा।

गृह मंत्री ने कहा कि शुरुआती 70 साल में, हमारी अर्थव्यवस्था बढ़कर दो हजार अरब डॉलर की हुई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार के शुरुआती पांच साल में यह बढ़कर तीन हजार अरब डॉलर हो गई। शाह ने छात्रों से कहा, ”झूठे प्रचार से भ्रमित न हों। भारत जब पांच हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा तो सबसे अधिक फायदा आप लोगों को होगा।

तकनीक से दूर होगी भारत की समस्या
शाह ने कहा कि कुछ लोग कहते हैं कि भारत में आज भी गरीबी, अशिक्षा और भुखमरी का बोलबाला है। लेकिन युवा इन दावों पर यकीन नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि खासकर तकनीकी शिक्षा हासिल करने वाले युवाओं को रिसर्च आधारित स्टार्टअप बनाने चाहिए, जो कि भारत की समस्याओं को दूर कर सकें। जैसे पराली जलाने के लिए किसानों को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता है। एक्टिवस्ट किसानों को पराली जलाने का दोषी बता देते हैं। लेकिन किसानों के पास इसके अलावा कोई चारा नहीं है। हालांकि हमारे युवा टेक्नोलॉजी से किसानों की इस समस्या को दूर कर सकते हैं।