भव्या पंडित और अनिल श्रीवास्तव के सुरों ने साधा संगीत के दीवानों को

0
6

सृजन द स्पार्क: लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट

कोटा। रविवार की शाम कोटा के सी.पी. ऑडिटोरियम में सुरों का एक ऐसा जादू बिखरा कि संगीत-प्रेमी देर रात तक अपनी सीटें छोड़ने को तैयार नहीं थे। ‘सृजन द स्पार्क’ के तत्वावधान में आयोजित लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट सायं 7.15 बजे आरम्भ हुआ और रात के गहरे होने के साथ-साथ सुरों की लहरें भी और अधिक गहरी होती चली गईं।

कार्यक्रम का शुभारंभ शिक्षाविद राजेश माहेश्वरी, भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन, एडि.कमीश्नर जीएसटी सुनिता डागा, राजेश पाटौदी, अध्यक्ष डा.विजय सरदाना, सचिव संजीव अग्रवाल, उपाध्यक्ष अनिमेष जैन, राजकुमार जैन एवं अमित बंसल, कोषाध्यक्ष विकास अजमेरा ने दीप प्रज्वलन से किया।

शाम की पहली प्रस्तुति के साथ ही सुप्रसिद्ध पार्श्वगायिका भव्या पंडित ने श्रोताओं का दिल जीत लिया। ‘आओ हुज़ूर’, ‘ये है रेशमी ज़ुल्फ़ों का अंधेरा’, ‘दिल चीज़ क्या है’, ‘लग जा गले’ और ‘मोह मोह के धागे’ जैसे कालजयी गीतों के बाद जब उन्होंने ‘रंजिश ही सही’, ‘मुझसे पहली सी मुहब्बत’ और ‘तेरी आँखों के सिवा’ की तानें छेड़ीं तो ऑडिटोरियम में सन्नाटा छा गया। ‘कजरा मोहब्बतवाला’, ‘झुमका गिरा रे’ और ‘इश्क़ सुफ़ियाना’ पर श्रोता अपने आप थिरकने लगे।

रात गहराते-गहराते ‘के-किशोर कुमार’ के नाम से विख्यात अनिल श्रीवास्तव ने मंच संभाला और ‘एक हसीना थी’, ‘मेरे सपनों की रानी’, ‘ज़िंदगी एक सफ़र है सुहाना’, ‘ओ हंसिनी’, ‘हमें तुमसे प्यार कितना’ और ‘पल पल दिल के पास’ सुनाकर श्रोताओं को किशोर कुमार की सुनहरी यादों में डुबो दिया।

कार्यक्रम का सबसे भावपूर्ण पल वह था जब दोनों कलाकारों ने ‘तेरे बिना ज़िंदगी से’, ‘कोरा कागज़’, ‘सलामे इश्क़’ और ‘परदेसिया’ जैसे युगल गीत प्रस्तुत किए। ‘चाँद फिर निकला’, ‘छाप तिलक’ और ‘दमादम’ की प्रस्तुति पर तो ऑडिटोरियम तालियों से गूँज उठा।

रात के अंतिम पहर में ‘अभी न जाओ छोड़कर’, ‘होठों से छू लो तुम’ और ‘इन आँखों की मस्ती’ की धुनों के साथ जब कार्यक्रम की समाप्ति हुई, तब भी श्रोता उठने को तैयार नहीं थे। कार्यक्रम के प्रोजेक्ट डायरेक्टर विवेक जैन उत्सव बडजात्या रहे।

इस अवसर पर कार्यक्रम में सरंक्षक प्रेम भाटिया, संरक्षक गोविंद माहेश्वरी, बृजेश माहेश्वरी, नवीन माहेश्वरी, चंद्रशेखर शर्मा, ज्ञान चंद जैन, नितेश माहेश्वरी, संदीप जैन, मनीष पाटनी, कुलदीप माथुर एवं अलंकार सहित संगीत प्रेमी देर रात तक लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट का आनंद लेते रहे।