बैंकिंग और मेटल शेयरों में खरीदारी से सेंसेक्स 464 अंक चढ़कर 51,250 पर

399

मुंबई। दुनियाभर के शेयर बाजारों से आ रहे पॉजिटिव अपडेट से घरेलू बाजार में लगातार तीसरे दिन बढ़त है। BSE सेंसेक्स 464 अंकों की बढ़त के साथ 51,246.26 पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी इंडेक्स भी 143 अंक ऊपर 15,125.20 पर कारोबार कर रहा है। निवेशक सबसे ज्यादा बैंकिंग और मेटल शेयरों में जमकर खरीदारी कर रहे हैं। BSE सेंसेक्स सुबह 9 :15 बजे 425 अंकों की बढ़त के साथ 51,207.61 पर और निफ्टी 97.85 अंक ऊपर 15,079.85 पर खुला।

एक्सिस बैंक, इंडसइंड बैंक और HDFC बैंक के शेयरों में भी 2-2% से ज्यादा की बढ़त है। इसी तरह TCS और इंफोसिस के शेयरों में भी 1-1% की बढ़त है। निफ्टी बैंक, IT और मेटल इंडेक्स में 1-1% से ज्यादा की बढ़त है।

एक्सचेंज पर 1,612 शेयरों में कारोबार हो रहा है। 1,259 शेयरों में बढ़त और 298 में गिरावट है। लिस्टेड कंपनियों का टोटल मार्केट कैप भी बढ़कर 206.16 लाख करोड़ रुपए हो गया है, जो बुधवार को 203.98 लाख करोड़ रुपए था।

अमेरिकी सेंटिमेंट से दुनियाभर के बाजारों में बढ़त
अमेरिका से आ रही पॉजिटिव अपडेट के चलते ग्लोबल मार्केट में बढ़त है। जापान का निक्केई इंडेक्स 486 अंकों की बढ़त के साथ 30,158 पर कारोबार कर रहा है। हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग इंडेक्स भी 543 अंकों की बढ़त के साथ 30,262 पर कारोबार कर रहा है। कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 2.30% ऊपर 3,064 पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह चीन का शंघाई कंपोजिट और ऑस्ट्रेलिया का ऑल ऑर्डिनरीज इंडेक्स भी 1% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है।

US और यूरोप के शेयर मार्केट
टेक शेयरों में बिकवाली थमने और फेड द्वारा ब्याज दरों के कम रखने की खबर से अमेरिकी बाजार भी बढ़त के साथ बंद हुए थे। डाओ जोंस इंडेक्स 424 अंक ऊपर 31,961 पर और S&P 500 इंडेक्स 44 अंक ऊपर 3,925 पर बंद हुए थे। इसी तरह नैस्डैक इंडेक्स भी 132 अंकों की बढ़त के साथ 13,598 पर बंद हुआ था। इसी तरह यूरोपियन शेयर बाजार भी बढ़त के साथ बंद हुए थे।