बाजार सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर; सेंसेक्स पहली बार 64 हजार, निफ्टी 19 हजार पार

84

मुंबई। घरेलू शेयर बाजार ने बुधवार को दिन में रिकॉर्ड तोड़ शुरुआत के बाद इतिहास रचते हुए 64 हजार के पार पहुंच गया। निफ्टी भी 19,011 के सर्वाकालिक उच्च स्तर पर पहुंचने में कामयाब रहा। हालांकि बाद में सेंसेक्स रिकॉर्ड 63,915.42 के स्तर पर और निफ्टी 18972.10 पर बंद हुआ।

सेंसेक्स में आज 499.39 और निफ्टी में 154.70 अंकों की बढ़त रही। आज मीडिया को छोड़ सभी सेक्टोरल इंडेक्स में शानदार तेजी देखी गई। सबसे अधिक उछाल मेटल, फार्मा और हेल्थ केयर इंडेक्स में रही।

निफ्टी टॉप गेनर एंड लूजर
निफ्टी टॉप गेनर में अडानी एंटरप्राइजेज 5.63 फीसद ऊपर 2413 रुपये पर बंद हुआ। इसके अलावा अडानी पोर्ट्स में 4 फीसद से अधिक की तेजी रही। इस लिस्ट में जेएसडब्ल्यू स्टील, बजाज ऑटो और सन फार्मा जैसे स्टॉक रहे। टॉप लूजर में एचडीएफसी लाइफ, टेक महिंद्रा, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अपोलो हॉस्पिटल और हीरो मोटोकार्प रहे।

तेजी जारी रहने का अनुमान
बता दें साल 2023 मे अब तक शेयर बाजार में शानदार तेजी देखने को मिली है। 2 जनवरी को सेंसेक्स 61,167 के स्तर पर था, जो अब (28 जून) 64,050.44 अंक पर पहुंच गया है। इस साल इसमें अब तक 4.46 % से ज्यादा यानी 2,727 अंकों की तेजी देखने को मिली है। एक्सपर्ट्स के अनुसार आगे भी ये तेजी जारी रह सकती है। 1986 से अब तक सेंसेक्स 11293 फीसद से अधिक उछल चुका है। 3 जनवरी 1986 को सेंसेक्स 561.01 के स्तर पर था।

ऐसी रही बाजार की चाल
2:30 बजे: बाजार रिकॉर्डतोड़ शुरुआत के बाद इतिहास रचते हुए अब 64,050.44 पर पहुंच गया है। अभी सेंसेक्स 614 अंकों की उछाल के साथ 64030 के स्तर पर है। वहीं निफ्टी भी 182 अंकों की तगड़ी उछाल के साथ 1899 पर है। इसका आज का हाई 19011 है और यह सर्वकालिक उच्च स्तर है।

2:00 बजे: शेयर बाजार ने आज फिर इतिहास रचा है। सेंसेक्स आज 64,037.10 के एक नए ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया। निफ्टी भी इतिहास रचते हुए 19011 के सर्वाकालिक उच्च स्तर पर पहुंचने में कामयाब रहा। दोपहर दो बजे के करीब बीएसई पर ट्रेड करने वाले 3558 स्टॉक्स में से 1744 फायदे में और 1663 नुकसान में थे। इनमें से 125 में अपर सर्किट और 129 में लोअर सर्किट लगा है। 158 स्टॉक्स 52 हफ्ते के हाई और 18 52 हफ्ते के लो पर हैं।

1:40 बजे: बाजार रिकॉर्ड तोड़ शुरुआत के बाद इतिहास रचते हुए 64000 के पार पहुंच गया है। आज सेंसेक्स दिन के हाई 64,013.63 पर पहुंच गया। अभी सेंसेक्स 587 अंकों की बढ़त के साथ 64003 के स्तर पर है। वहीं निफ्टी भी 182 अंकों की तगड़ी उछाल के साथ 19,000 पर है। इसका आज का हाई 9,005.50 और यह सर्वकालिक उच्च स्तर है।