बाजार में हाहाकार, सेंसेक्स 551 अंक टूट कर 65877 पर, निफ्टी 19700 से नीचे बंद

99

मुंबई। Stock Market Closed : ग्लोबल मार्केट (global market) से मिले कमजोर रुझानों, मध्य पूर्व में भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन यानी बुधवार को घरेलू शेयर बाजार बिकवाली के दबाव में लाल निशान पर बंद हुए। दोनों फ्रंटलाइन इंडेक्स सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी (Nifty) में भारी गिरावट दर्ज की गई।

हफ्ते के तीसरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 551.07 (0.82%) अंकों की गिरावट के साथ 65,877.02 के लेवल पर जबकि निफ्टी 140.41 (-0.71%) अंक टूटकर 19,671.10 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में केवल चार शेयर बढ़त के साथ बंद हुए जबकि 26 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।

आज के कारोबार में BSE सेंसेक्स 551 अंक कमजोर हुआ। वहीं, निफ्टी (Nifty) में भी 144 अंकों की गिरावट दर्ज की गई। व्यापक बाजारों में, बीएसई मिडकैप इंडेक्स 0.85 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स 0.32 फीसदी गिर गया।

BSE का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स (Sensex) 551.07 अंक यानी 0.83 फीसदी की गिरावट के साथ 65,877.02 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 66,475.27 की ऊंचाई तक गया और नीचे में 65,842.10 तक आया।

वहीं, दूसरी तरफ नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी (Nifty) में भी 143.85 अंक यानी 0.73 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। निफ्टी दिन के अंत में 19,667.65 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान निफ्टी 19,840.95 की ऊंचाई तक गया और नीचे में 19,659.95 तक आया।

टॉप 5 गेनर्स एंड लूजर्स
आज के कारोबार में सेंसेक्स के शेयरों में केवल 4 शेयर हरे निशान पर बंद हुए। टाटा मोटर्स, सन फार्मा, मारुति, महिंद्रा एंड महिंद्रा आज के सेंसेक्स के टॉप गेनर्स रहे। सबसे ज्यादा मुनाफा टाटा मोटर्स के शेयरों को हुआ। इसके शेयर 1.92 फीसदी चढ़े। वहीं, दूसरी तरफ सेंसेक्स के शेयरों में 26 शेयर लाल निशान पर बंद हुए। बजाज फाइनैंस, बजाज फिनसर्व, NTPC, एक्सिस बैंक और HDFC बैंक सेंसेक्स के टॉप लूजर्स रहे। सबसे ज्यादा नुकसान बजाज फाइनैंस के शेयरों को हुआ। इसके शेयर 2.72 फीसदी गिर गए। इसके अलावा रिलायंस, ICICI बैंक, कोटक बैंक, इंडसइंड बैंक, JSW स्टील, टेक महिंद्रा, विप्रो, टाइटन, L&T, SBI और TCS भी नुकसान में रहे।