बाजार में कोहराम, सेंसेक्स 983 अंक लुढ़क कर 48,782 पर बंद, निफ्टी 263 अंक गिरा

0
630

मुंबई। महीने और हफ्ते के अंतिम कारोबारी दिन शेयर बाजार में कोहराम मचा रहा । बीएसई सेंसेक्स 983 अंक गिरकर 48,782 पर बंद हुआ। जबकि एनएसई निफ्टी 263 पॉइंट फिसल गया। निफ्टी 1.77% की गिरावट के साथ 14,631 पॉइंट पर बंद हुआ, जबकि सेंसेक्स लगभग दो पर्सेंट टूटकर 48,782 पॉइंट पर रहा। शुक्रवार वायदा बाजार में मई सीरीज का पहला दिन और हफ्ते का अंतिम कारोबारी दिन था।

बैंकिंग और फाइनेंशियल सेक्टर के शेयरों में जमकर बिकवाली हुई। फार्मा शेयरों के निफ्टी इंडेक्स में 1.28% की बढ़त बाजार को थामने में नाकाम रही। निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज 3.03% गिरा जबकि बैंक निफ्टी 2.77% कमजोर हुआ। निफ्टी ऑटो इंडेक्स का पहिया भी थम गया और 1.36% की गिरावट के साथ बंद हुआ।

एनएसई निफ्टी ने आज गैप डाउन दिया यानी गुरुवार को बंद भाव से काफी नीचे खुला। दोपहर तक इंडेक्स सीमित दायरे में रहा, फिर बिकवाली तेज होने पर 14,600 पॉइंट की तरफ गिरता नजर आया। इसने तकनीकी चार्ट को धता बता दिया जिसमें पिछले पांच कारोबारी सत्र से हायर हाई और हायर लो का तेजी वाला रुझान बन रहा था।

वीकली चार्ट पर बना ट्रेंड मजबूती टिकाऊ नहीं रहने का संकेत दे रहा था, जबकि डेली चार्ट पर मंदी का रुझान बना था। अब तेजी की राह पर लौटने के लिए इसको पहले 14,700 पॉइंट का लेवल पार करना होगा। अगर निफ्टी ऐसा करने में कामयाब रहा तो 14,900 पॉइंट और 15,050 पॉइंट की तरफ बढ़ता नजर आ सकता है। बिकवाली जारी रहने पर निफ्टी को पहले 14,400 पॉइंट और फिर 14,250 पॉइंट के आसपास खरीदारी का सपोर्ट मिल सकता है।

शेयर बाजार में उतार चढ़ाव को लेकर ट्रेडरों की सोच के बारे में बताने वाले इंडिया VIX में 1.17% की गिरावट आई और यह 23.30 से 23.02 पर आ गया। बाजार में दोबारा तेजी का रुझान बनने के लिए जरूरी है कि यह इंडेक्स 20 से नीचे चला जाए। वायदा बाजार के सौदे निफ्टी के 14,000 से 15,200 पॉइंट के दायरे में रहने का संकेत दे रहे हैं।

एनएसई के बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी की तरह बैंक निफ्टी का भी बुरा हाल रहा। इसकी ओपनिंग में भी गैप डाउन हुआ और पूरे दिन हुई बिकवाली से इसमें कमजोरी बनी रही। बैंक निफ्टी ने 32,700 का लेवल तोड़ दिया और बीएसई सेंसेक्स की तरह लगभग 930 पॉइंट गिरा। निफ्टी की तरह बैंक निफ्टी में मंदी का रुझान बना है। 33,333 से नीचे बने रहने पर यह गिरावट में 32,500 से 32,150 की तरफ बढ़ता नजर आ सकता है।

बाजार को SAIL, सन TV, कॉनकॉर, ग्रासिम, डिवीज लैब, टाटा केमिकल, अपोलो टायर, फेडरल बैंक, ग्लेनमार्क, UBL, सन फार्मा, डॉ रेड्डीज और अरबिंदो फार्मा में खरीदारी का सपोर्ट मिला। HDFC, PVR, कोटक बैंक, AU बैंक, RBL बैंक, M&M, टाटा मोटर्स, TCS, हैवेल्स, मारुति सुजुकी और L&T में बिकवाली का दबाव बना।

चार दिन से तेजी की राह पर भाग रहा घरेलू शेयर बाजार शुक्रवार को थम गया। जिस तरह एसजीएक्स निफ्टी की चाल थी उसके हिसाब से बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी कमजोरी के साथ खुले। डेढ़ सौ पॉइंट की गिरावट के साथ खुला निफ्टी तेजी में 14,855.45 ऊपर तक गया। इसी तरह, बीएसई का सेंसेक्स 49,766 के पिछले बंद भाव से 405 पॉइंट नीचे 49,361 पॉइंट पर खुला था। निफ्टी के ए ग्रुप की 44 कंपनियों के शेयर आज 52 वीक हाई पर गए।