कोटा। Mahesh Navami Mahotsav: माहेश्वरी समाज के तत्वावधान में आयोजित महेश नवमी महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का उत्साह चरम पर है। महोत्सव के तहत आयोजित फैमिली बॉक्स क्रिकेट प्रतियोगिता के लीग मुकाबलों का शुभारंभ अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा (पश्चिमांचल) के उपसभापति राजेश कृष्ण बिरला ने किया।
मुख्य समन्वयक महेश चंद अजमेरा ने बताया कि प्रतियोगिता में समाज के विभिन्न आयु वर्गों की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले जा रहे हैं। पहले मैच में श्याम इलेवन ने रुद्राक्ष इलेवन को 5 विकेट से पराजित किया। दूसरे मुकाबले में माहेश्वरी रॉयल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्लैक पैंथर्स को 10 विकेट से हराया। एक अन्य मैच में दे दनादन टीम ने 126 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर ब्लैक टाइगर्स को 60 रन से शिकस्त दी।
अगले लीग मैच में राजस्थानी बगुला ने पैंथर्स को 9 विकेट से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की। वहीं काल्या इलेवन और माहेश्वरी हिटलर्स के बीच खेला गया मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। काल्या इलेवन द्वारा बनाए गए 149 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए हिटलर्स की टीम 140 रन ही बना सकी और 9 रन से मुकाबला हार गई।
लीग के अंतिम मैच में पलटन ने दमदार प्रदर्शन करते हुए रॉयल चैलेंजर्स को 121 रन से पराजित किया। पलटन के 146 रन के जवाब में चैलेंजर्स की टीम मात्र 25 रन पर सिमट गई।
पिकल बॉल प्रतियोगिता कल
खेल समन्वयक घनश्याम मूंदड़ा एवं अविनाश अजमेरा ने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत 20 जून को पिकल बॉल प्रतियोगिता तथा 21 जून को कैरम एवं शतरंज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। वहीं अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को प्रातः 6:30 बजे योग कार्यक्रम तथा प्रातः 9 बजे रक्तदान शिविर का आयोजन माहेश्वरी भवन झालावाड़ रोड पर किया जाएगा।
इस अवसर पर समाज के मंत्री बिट्ठलदास मूंदड़ा, पूर्वी राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष महेशचंद अजमेरा, उपाध्यक्ष नंदकिशोर काल्या, कोषाध्यक्ष राजेन्द्र कुमार शारदा, जिला अध्यक्ष सुरेशचंद्र काबरा सहित अनेक पदाधिकारी एवं समाजबंधु उपस्थित रहे।

