कोटा। अधिक मास अमावस्या के पावन अवसर पर कोटा के किशोरपुरा स्थित छप्पन भोग स्थल पर 14 जून को विशाल पितृ तर्पण महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा।
डॉ. आचार्य राजानन्द शास्त्री ने आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि इस महायज्ञ में पंचदेव पूजन, नान्दी श्राद्ध और पितृ तर्पण सहित वेदोक्त अनुष्ठानों का समुचित पालन किया जाएगा। रविवार को आयोजन के पोस्टर का एक सादे समारोह में सर्व समाज के प्रतिनिधियों ने महिला शक्ति की उपस्थिति में विमोचन किया।
उन्होंने बताया कि पितृ दोष निवारण के लिए आयोजित इस महायज्ञ का प्रमुख उद्देश्य पितृदोष को पितृ कृपा में परिवर्तित कर परिवारों को सुख-शांति और समृद्धि प्रदान करना है। पारंपरिक शिक्षा के अनुसार पितृदोष जन्मपत्रिका में बनते दुर्लभ योगों के कारण उत्पन्न होता है और इससे व्यापारिक अस्थिरता, संतान समस्या, वैवाहिक व मांगलिक बाधाएँ तथा करियर में अवरोध जैसे प्रभाव दिखाई देते हैं।
शास्त्रों में कहा गया है कि पितृ तर्पण जल द्वारा पितरों की प्रसन्नता से ही सांसारिक और आध्यात्मिक कल्याण संभव होता है। पंडितजनों का कहना है कि तर्पणकर्म श्रद्धा तथा शास्त्रोक्त विधि से करने पर ही फलदायी होता है।
उन्होंने बताया कि इसी भाव से श्री बालाजी अंतरराष्ट्रीय ज्योतिष वास्तु शोध संस्थान ने यह विस्तृत आयोजन शुरू किया था। इसकी शुरुआत जयपुर के गलता तीर्थ से हुई थी और अब तक नौ सफल महायज्ञ संपन्न होने के बाद यह दशम महायज्ञ हाड़ौती क्षेत्र में आयोजित किया जा रहा है। इस दिव्य आयोजन को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड में भी दर्ज किया जा चुका है।
अयोध्या से आए वरिष्ठ ज्योतिषाचार्य तथा श्री रामलला अयोध्या जी सेवा समिति के अध्यक्ष समाज सेवक डॉ. आचार्य राजानन्द शास्त्री ने कहा कि इस कार्य में भामाशाहों का सहयोग नहीं लिया जाता। ताकि पूजा शुद्ध नीयत और शास्त्रीय स्वरूप में संपन्न हो। महंगाई के वर्तमान परिदृश्य को दृष्टि में रखते हुए आयोजन को सहज व किफायती बनाकर अधिक से अधिक सनातन धर्म प्रेमियों को लाभान्वित करने का संकल्प लिया गया है।
पूजा में शुद्ध सामग्री तथा गंगाजल का उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। आयोजन स्थल को भगवान मथुराधीश से जुड़ी पावन धरा और चंबल नदी का वह किनारा बताया गया है।
संस्कृत महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य गणपति मिश्र ने बताया कि अधिक मास की अमावस्या विशेष पर्व पर वेदोक्त रीति से तर्पण कर्म सम्पन्न कराने के लिए लगभग 250 विद्वान पंडित अनुष्ठान करेंगे।
पोस्टर विमोचन के अवसर पर उपस्थित प्रमुख व्यक्तियों में डॉ. आचार्य राजानन्द शास्त्री, जगमोहन, लोकेश, कुंज बिहारी, विशाल शर्मा, गणपति मिश्र, व्यापार महासंघ के अध्यक्ष क्रांति जैन, महासचिव अशोक माहेश्वरी, अनिल मूंदड़ा, लक्ष्मी चंद्र अजमेरा, भाजपा नेता गोविंद शर्मा, ज्योतिषाचार्य ब्रजराज गौतम समेत अनेक समाजजनों ने आयोजन में भागीदारी व अधिकाधिक लोगों के आने की अपील की।
कार्यक्रम के अन्य गणमान्य उपस्थित लोगों में नंदकिशोर शर्मा, जगमोहन गौतम, राजेंद्र मोहन गौतम, प्रवीण पंचोली, मनोज शर्मा, सत्यनारायण शर्मा, रोहित गौतम, लोकेश गौतम, बनवारी गौतम, अनिल गौतम, श्याम बिहारी शर्मा, रमेश चन्द्र शर्मा, हनुमान शर्मा, देवेंद्र गौतम, अनिल तिवारी, हेमेन्द्र शर्मा, सावित्री गौतम, जया शर्मा, कमलेश शर्मा, वंदना शर्मा, मीना गौतम, राजश्री गौतम एवं अन्य प्रमुख समाजजन शामिल थे।

