पं. राजन-साजन के शास्त्रीय संगीत से गूंजा कोटा का गढ़ पैलेस

1328

कोटा। राव माधोसिंह म्यूजियम ट्रस्ट की ओर से हर साल होने वाले शास्त्रीय गायन की श्रृंखला में गुरुवार को गढ़ पैलेस में शास्त्रीय गायन का आयोजन किया गया। गढ़ पैलेस के भीम महल में शास्त्रीय संगीत गायक पद्मभूषण पं. राजन व साजन मिश्रा ने शास्त्रीय गायन की प्रस्तुतियां दी। मिश्रा बंधुओं के सुरों से सजी सुरमयी शाम ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम की शुरूआत में पं. मिश्रा बंधुओं ने राग विहाग से सजी बंदिश… जसोमति झुलावे ललना-पलना के साथ पूर्व महाराव बृजराज सिंह को जन्मदिन की संगीतमय बधाई दी। इसके बाद उन्होंने राग बंदिश में परम सुख आनंद भयो… सुनाया। अबहूं लालन… सुनाकर माहौल संगीत की धुन में डूबो दिया। राग दरबारी में हवेली संगीत… गावत परम मांगत परम दिवारिका…, राग तैलंग में मोही तुम बिन कल ना पड़े सांवरा… सुनाई।

उन्होंने कार्यक्रम में ऐसा समां बांधा कि हर एक श्रोता स्वर लहरियों में मगन होकर संगीत के रस में डूब गया। समापन प्रसिद्ध फिल्म सुर संगम के गाने.. धन्य भाग सेवा का अवसर… से किया। अंत में पूर्व महाराव बृजराज सिंह ने मिश्रा बंधुओं का स्वागत किया।

कार्यक्रम में कोटा के पूर्व महाराव बृजराजसिंह, पूर्व महारानी उत्तरा देवी, पूर्व सांसद इज्यराज सिंह, पूर्व युवरानी व विधायक कल्पना देवी के अलावा बड़ौदा के पूर्व राजघराने से राजमाता, छत्तीसगढ़ रियासत के पूर्व दरबार रणविजय सिंह, हिमाचल प्रदेश के पूर्व दरबार जय सिंह, जोधपुर घराने के दिलीप सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, झालावाड़ सांसद दुष्यंत सिंह, झालावाड़ के पूर्व नरेश चंद्रजीत सिंह सहित पूर्व राजघरानों के ठिकानेदार मौजूद रहे।