कोटा/ सांगोद। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने शनिवार को मीडिया से बातचीत करते हुए दावा किया कि आगामी पंचायती राज चुनावों में भी भारतीय जनता पार्टी कोटा जिले में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार नगर निकाय चुनावों में कोटा की जनता ने भाजपा पर विश्वास जताया था, ठीक उसी तर्ज पर पंचायती राज चुनावों में भी जिले को पूरी तरह ‘कांग्रेस मुक्त’ बनाया जाएगा।
’वन स्टेट, वन इलेक्शन’ का संकल्प पूरा
ऊर्जा मंत्री ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने अपने संकल्प को धरातल पर उतार कर दिखाया है। मुख्यमंत्री ने ‘वन स्टेट, वन इलेक्शन’ की जो घोषणा की थी, उसे साकार कर दिया गया है। इस ऐतिहासिक कदम से बार-बार लगने वाली आदर्श आचार संहिता से मुक्ति मिलेगी और विकास कार्यों की गति बिना किसी रुकावट के निरंतर बनी रहेगी। उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा कहते थे कि यह संभव नहीं है, लेकिन भाजपा सरकार ने इसे धरातल पर सिद्ध कर दिया है।
विकास कार्य होंगे मुख्य मुद्दा
मंत्री हीरालाल नागर ने स्पष्ट किया कि भाजपा इन चुनावों में अपने कार्यकर्ताओं की एकजुटता, संगठन की मेहनत और भजनलाल सरकार द्वारा पिछले ढाई वर्षों में किए गए ऐतिहासिक विकास कार्यों के दम पर उतरेगी। राज्य सरकार द्वारा क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए आवंटित विशाल बजट और उसके प्रभावी क्रियान्वयन को जनता के बीच ले जाया जाएगा। कार्यकर्ताओं का सेवा भाव और सरकार का रिपोर्ट कार्ड ही इस चुनाव में पार्टी की जीत का मुख्य आधार बनेगा।
लटकी परियोजनाओं को मिली रफ्तार
पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए ऊर्जा मंत्री नागर ने कहा कि पिछले शासनकाल में जनहित की महत्वपूर्ण योजनाएं अटकी हुई थीं। भाजपा सरकार ने आते ही ईस्टर्न राजस्थान कैनाल प्रोजेक्ट, यमुना जल समझौते और नर्मदा जल समझौते जैसी वृहद परियोजनाओं को गति प्रदान की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के सहयोग से अब ईआरसीपी के जरिए प्रदेश के 17 जिलों को पेयजल और सिंचाई का पानी उपलब्ध हो सकेगा, जो कांग्रेस की नीयत में कभी शामिल नहीं था।
जल जीवन मिशन के भ्रष्टाचार पर लगाम
मंत्री नागर ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान जल जीवन मिशन में भारी भ्रष्टाचार हुआ, जिसके कारण ग्रामीण क्षेत्रों की जनता शुद्ध पेयजल से वंचित रही। सीएम भजनलाल की सरकार ने इस योजना को पारदर्शी बनाकर धरातल पर उतारा है। इसके साथ ही, राज्य में बिजली के आधारभूत ढांचे में व्यापक सुधार किए गए हैं, रोड इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया गया है और विभिन्न राजस्व शिविरों के माध्यम से आमजन को त्वरित राहत पहुंचाई जा रही है।
पंचायती राज में मिलेगा बेहतर परिणाम
ऊर्जा मंत्री ने पूर्ण विश्वास व्यक्त किया कि आगामी पंचायती राज चुनावों के परिणाम नगर निकाय चुनावों से भी अधिक उत्साहजनक होंगे। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और जमीनी विकास के आधार पर जनता एक बार फिर भाजपा को अपना अभूतपूर्व आशीर्वाद देगी और कोटा में विकास का नया अध्याय लिखा जाएगा।

