NEET Re-Exam: नीट रद्द होने के बाद नई डेट घोषित, जानिए कब होगी परीक्षा

0
14
इस साल पेपर के लिए 15 मिनट अतिरिक्त दिया जाएगा, नीट यूजी अगले साल से ऑनलाइन

नई दिल्ली। NEET UG Re-Exam 2026: नीट परीक्षा रद्द होने के बाद नई डेट घोषित की गई। नीट री-एग्जाम 21 जून को आयोजित किया जाएगा। इसके बाद शिक्षा मंत्रालय ने बड़ा फैसला लिया है। नीट यूजी परीक्षा अगले साल से ऑनलाइन आयोजित की जाएगी। वहीं इस साल पेपर के लिए 15 मिनट अतिरिक्त समय दिया जाएगा।

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए इस पर डिटेल में जानकारी दी है। उनका कहना है कि छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए नीट पेपर कैंसिल करने का कड़ा फैसला लेना पड़ा।

नीट पेपर लीक को लेकर सरकार चिंतिंत है। छात्रों के प्रति सरकार की पूरी संवेदनाएं हैं। नीट पेपर लीक और गड़बडी के माफिया के खिलाफ अभियान जारी है। नीट की नई परीक्षा होगी। हमारी अप्रोच वहीं जीरो टॉलरेंस की होगी। हमारी लड़ाई परीक्षा माफिया के साथ उसी तरह से रहेगी। विभिन्न तरह के सोशल मीडिया हैंडल से भ्रामक तथ्यों को रखकर गुमराह करने की कोशिश की जाती है।

इन सभी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने तुरंत सीबीआई को इसका जिम्मा सौंप दिया है। सीबीआई इस बार मामले की तह तक जाएगी। हम इस बार परीक्षा में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं होने देंगे। जो भी लोग पेपर को लेकर फिर से कुछ गलत करने की सोच रहे हैं, वो आने वाली परीक्षा से दूर रहें, वरना उनके दंड भुगतना होगा। सरकार से छात्रों की अपील है, कि सरकार आपके साथ है। हम नहीं चाहते कि कोई पैसे देकर आपकी सीट छीन ले। ये जो भी घटना हो रही है, उससे हम बहुत चिंतिंत है।

शिक्षा मंत्री का कहना है कि नीट पेपर में गड़बड़ी ये एक सामाजिक चुनौती है। परीक्षा माफिया के खिलाफ सख्ती से सीबीआई जांच कर रही है। अगले साल से नीट यूजी की परीक्षा ओएमआर नहीं बल्कि कंप्यूटर बेस्ट टेस्ट (CBT) यानी ऑनलाइन आयोजित किया जाएगा। साइबर क्राइम में भी चुनौती है लेकिन हमें सिस्टम पर भरोसा करना होगा। जिससे परीक्षा में नकल और अन्य गड़बड़ियों को रोका जाएगा। नीट की परीक्षा अब दोबारा जून में करवाई जाएगी।

फीस वापस, 14 जून तक नीट एडमिट कार्ड: शिक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि जब परीक्षा कैंसिल होने की जानकारी दी गई थी, उसी दिन एनटीए ने सूचना दी थी कि छात्रों की फीस वापस की जाएगी। आगे जो परीक्षा होगी, उसमें जीरो फीस होगी। विद्यार्थियों पर कोई आर्थिक बोझ ना आए यह हमारा दायित्व है। पेपर में जो छात्र शामिल होंगे वो अपना परीक्षा शहर चुन सकेंगे। यह अवसर छात्रों को मिलेगा।

इसके लिए एक हफ्ता दिया जाएगा। परीक्षा का समय भी 15 मिनट बढ़ाने का फैसला लिया गया है। पेपर 2 बजे से शुरू होगा और 5.15 तक चलेगा। नई परीक्षा के लिए स्टूडेंट्स के एडमिट कार्ड 14 जून तक जारी हो जाएंगे। एनटीए इस पर डिटेल में जानकारी देगा।

ट्रेन की टिकट का पैसा कौन देगा: नीट दोबारा कराने की तारीख सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर अलग-अलग सवाल घूमते दिख रहे हैं। कैंडिडेट्स लगातार NEET परीक्षा केंद्र, यात्रा खर्च और दोबारा तैयारी को लेकर अपनी चिंता जाहिर कर रहे हैं। कई छात्रों का कहना है कि यदि परीक्षा केंद्र दूसरे शहर में दिया गया तो ट्रेन टिकट और रहने-खाने का अतिरिक्त खर्च कौन देगा। छात्र NTA से परीक्षा केंद्र और यात्रा संबंधी स्पष्ट जानकारी की मांग कर रहे हैं, ताकि उन्हें समय रहते तैयारी और यात्रा की योजना बनाने में किसी तरह की परेशानी न हो।

NEET पेपर लीक 2026 की शुरुआत कहां से: नीट यूजी की परीक्षा 3 मई को देशभर में आयोजित की गई थी। इसके बाद पेपर लीक और परीक्षा में बड़े स्तर पर गड़बड़ी होने की जानकारी सामने आते ही इसकी जांच का जिम्मा सीबीआई को सौंप दिया गया था। मामले की जांच चल रही है। पुलिस मास्टरमाइंड की तलाश में हैं। एजेंसियों की तरफ से दावा किया गया कि नीट पेपर लीक की कथित तौर पर शुरुआत नासिक से हुई। इसके बाद राजस्थान, उत्तराखंड, केरल, समेत अन्य जगहों पर गेस पेपर पहुंचा। कड़ी निगरागी और सुरक्षा के इंतजाम के बाद भी पेपर लीक कैसे हुआ? इस जगह हर एंगल से जांच की जा रही है।