निवेशकों के समर्थन से सेंसेक्स 331 अंक उछल कर 57,751 पर खुला

0
231

मुंबई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स मंगलवार को निवेशकों के समर्थन से 390 अंक बढ़कर 57,831 पर पहुंच गया है। बैंकिंग स्टॉक्स में तेजी दिख रही है। सेंसेक्स आज 331 अंक ऊपर 57,751 पर खुला था। इसने दिन में 57,831 का ऊपरी और 57,688 का निचला स्तर बनाया। सेंसेक्स के 30 शेयर्स में से 28 शेयर बढ़त में और दो गिरावट में कारोबार कर रहे हैं। बढ़ने वाले प्रमुख स्टॉक में HCL टेक, एशियन पेंट्स, पावर ग्रिड और एक्सिस बैंक 1-1% ऊपर हैं। इसके अलावा इंफोसिस, बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस, विप्रो और टेक महिंद्रा भी बढ़त में हैं।

गिरने वाले शेयर में एयरटेल और डॉ. रेड्‌डी हैं। इसके 389 स्टॉक अपर सर्किट में हैं। 89 शेयर लोअर सर्किट में हैं। सर्किट का मतलब एक दिन में इससे ज्यादा बढ़त या गिरावट उस शेयर में नहीं हो सकती है। लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 262.77 लाख करोड़ रुपए के पार है। उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 95 अंक ऊपर 17,180 पर कारोबार कर रहा है। दिन में इसने 17,194 का ऊपरी स्तर और 17,163 का निचला स्तर बनाया। यह 17,177 पर खुला था। इसके 50 शेयर्स में से 47 बढ़त में और 3 गिरावट में हैं।

बढ़त वाले प्रमुख शेयर में ONGC, इंडसइंड बैंक, अडाणी पोर्ट, टाटा मोटर्स और ग्रासिम हैं। गिरने वाले शेयर में टेक महिंद्रा और डॉ. रेड्‌डी हैं। इसके नेक्स्ट 50, बैंकिंग, फाइनेंशियल और मिड कैप इंडेक्स बढ़त में हैं। इसके पहले कल BSE का सेंसेक्स 296 पॉइंट्स ऊपर 57420 पर जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 82 अंक बढ़कर 17086 पर बंद हुआ था। सोमवार को 17.83% टूटने के बाद आज RBL बैंक का शेयर 1% से ज्यादा ऊपर 142 रुपए पर कारोबार कर रहा है।

.