नवरात्रि का तोहफा, 3 अक्टूबर से चलेगी दिल्ली-कटरा के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस

    0
    1603

    नई दिल्ली। सरकार ने मां वैष्णो देवी के दर्शन करने वालों को नवरात्रि का तोहफा दिया है। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने ट्वीट कर कहा है कि नई दिल्ली और कटरा के बीच 3 अक्टूबर से वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन शुरू हो जाएगा। गोयल ने कहा है कि गृह मंत्री अमित शाह इस एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे।

    गोयल ने अपने ट्वीट में कहा कि नई दिल्ली से देश की सांस्कृतिक राजधानी वाराणसी के बीच पहले वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन के बाद नई दिल्ली और कटरा के बीच दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस चलाई जाएगी।

    उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री तीन अक्टूबर को वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। वंदे भारत एक्सप्रेस नई दिल्ली से सुबह 06.00 रवाना होगी और दोपहर 14.00 बजे कटरा पहुंचेगी। विपरीत दिशा से यह ट्रेन उसी दिन कटरा से 15.00 बजे छूटेगी तथा रात्रि 23.00 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।

    इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
    इस ट्रेन का दोनों दिशाओं में अंबाला, लुधियाना और जम्मू तवी स्टेशन पर ठहराव होगा। यह ट्रेन पूर्णत: वातानुकूलित है और इसे बुलेट ट्रेन के आकार में डिजायन किया गया है।