दूल्हा अपनी दुल्हन को लेने हेलीकॉप्टर में सवार होकर पहुंचा, गांव में लग गई भीड़

0
135

कोटा। इटावा कस्बे में गुरुवार दोपहर को दूल्हा अपनी दुल्हन को लेने हेलिकॉप्टर में सवार होकर पहुंचा। जैसे ही कस्बे में हेलिकॉप्टर पहुंचा तो देखने वालों की भीड़ लग गई। दरअसल, दूल्हे के पिता की इच्छा थी कि बेटा बहू को लेने हेलिकॉप्टर से जाए। इसलिए हेलिकॉप्टर बुक करवाया। इसी हेलिकॉप्टर में दुल्हन को साथ लेकर जाएंगे।

दरअसल, कृष्ण मुरारी प्रजापति प्रोपर्टी डीलर का काम करते है। कोटा में मौर्य नगर धर्मपुरा रोड़ इलाके में रहते हैं। मुरारी के दो बेटे व एक बेटी है। इनमें से दो की शादी हो चुकी। सबसे छोटे बेटे सुनील की शादी इटावा निवासी रेखा से हुई है। रेखा बीएड की तैयारी कर रही है। जबकि सुनील MA की पढ़ाई के बाद ITI कर चुका। अब पिता के साथ प्रोपर्टी का काम संभालता है। 26 जनवरी के दिन दोनों के फेरे थे। ऐसे में बारात कोटा से इटावा के लिए रवाना हुई। दूल्हा हेलिकॉप्टर से पहुंचा।

मुरारी ने बताया कि उनके पिता रामगोपाल प्रजापति PWD से रिटायर्ड हैं। बचपन गरीबी में बिता है। वो पिछले 30 साल से प्रोपर्टी का काम करते हैं। 28 मार्च 2022 को बेटे सुनील की सगाई की थी। उसी दिन मन में इच्छा थी कि बेटा हेलिकॉप्टर में बैठकर दुल्हन लेने जाए। इसके लिए उन्होंने दिल्ली में सम्पर्क किया। साढ़े 7 लाख रूपए में हेलिकॉप्टर बुक किया। जिला प्रशासन से अनुमति मांगी। प्रशासन ने 26 व 27 जनवरी के लिए परमिशन दी।

गुरुवार दोपहर 3 बजे करीब हेलिकॉप्टर ने कोटा के गुड़ला से उड़ान भरी। और 15 मिनट बाद करीब सवा तीन बजे इटावा पहुंच गया। हेलिकॉप्टर में दूल्हे के साथ उसके दादा रामगोपाल,दादी रामभरोसी, व 6 साल का भांजा सिद्धार्थ मौजूद रहा। इटावा पहुंचते ही ग्राउंड पर लोगों का हुजूम उमड़ गया। हेलिकॉप्टर कस्बे में कौतूहल का विषय बन गया। हेलिकॉप्टर दूल्हे को उतारकर चला गया। 27 जनवरी को दूल्हा दुल्हन को लेकर वापस गुड़ला के लिए उड़ान भरेगा।